आगरा। आगरा में सड़कों की हालत बद से बदतर होती जा रही है। जहाँ एक ओर जनप्रतिनिधियों के घरों के आसपास की सड़कें भले ही अच्छी दिखती हों, वहीं शहर के आम रास्तों पर चलना खतरे से खाली नहीं है। वायु विहार से मिल्टन पब्लिक स्कूल होते हुए शंकरगढ़ पुलिया तक, 5 किलोमीटर की सड़क पर हर 5 से 10 मीटर पर गहरे गड्ढे मौजूद हैं। इसके साथ ही कई जगहों पर खुले मैनहोल भी हैं, जो हादसों को न्योता दे रहे हैं।
वायु विहार में खुला मैनहोल बना बड़ा खतरा
वायु विहार स्थित 8 नंबर रेलवे फाटक से महज 20 कदम की दूरी पर एक सीवर का मैनहोल खुला पड़ा है। वायु विहार सड़क से गुजर रहे मयंक राजपाल ने बताया कि यह मैनहोल पिछले दो महीने से खुला हुआ है। सीवर लाइन बंद होने के कारण मलबा जमा है, जिससे मैनहोल गहरा नहीं है, हालांकि यह बड़े हादसों को टाल रहा है। लेकिन, रात के समय सड़क पर अंधेरा होने के कारण हादसे ज्यादा हो रहे हैं, और लोग इसमें गिर जाते हैं।
मयंक राजपाल ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि अपना पेट भर रहे हैं और उन्हें किसी बड़े हादसे का इंतजार है। उनका आरोप है कि सरकारी अफसर और जनप्रतिनिधि का जन समस्याओं की तरफ कोई ध्यान नहीं है, जिससे आम जनता की जीवनशैली पर बुरा असर पड़ रहा है, और उन्हें इससे कोई लेना-देना नहीं है।

अवधपुरी से कलवारी तक भी सड़कें बदहाल, खुले सीवर से दुर्गंध
शहर के अन्य इलाकों की भी यही कहानी है। अवधपुरी से कलवारी तक लगभग दो किलोमीटर सड़क खराब पड़ी हुई है और हर जगह गड्ढे हैं। इस रास्ते पर दो बड़े स्कूल, मिल्टन और सिंबोयजिया स्कूल भी हैं। यहाँ नगर निगम का सीवर भी खुला पड़ा है। जब लोग यहाँ से निकलते हैं, तो सीवर से निकलने वाले पानी की आवाज डरावनी लगती है।
अजय कुमार तिवारी ने बताया कि कलवारी से सौ फुटा रोड तक भी सड़क खराब है, और वहाँ भी मैनहोल खुले पड़े हैं। पास में दो स्कूल होने के कारण यह स्थिति और भी गंभीर है। उन्होंने बताया कि कई लोगों को इन खुले मैनहोल की वजह से आए दिन चोट लगती है, जिससे हर दिन खतरे का डर बना रहता है। कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।


































































































