आगरा में भारतीय जाटव समाज का अधिवेशन, शिक्षा और सेवा पर जोर
आगरा। आगरा में भारतीय जाटव समाज का एक विशाल अधिवेशन आयोजित किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री श्री असीम अरुण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अधिवेशन का उद्देश्य बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के आदर्शों पर चलते हुए समाज को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना था। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश और दिल्ली सहित कई राज्यों से 1000 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बाबासाहेब के मंत्र ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो’ पर जोर
अधिवेशन में बोलते हुए, राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने कहा कि हमें बाबासाहेब के विचारों से प्रेरणा लेकर अपने कमजोर साथियों की मदद करनी चाहिए और समाज को आगे लेकर जाना है। उन्होंने बताया कि संगठन का कारवां कई प्रदेशों में फैल चुका है।
मुख्य अतिथि असीम अरुण ने अपने संबोधन में बाबासाहेब के दिए गए नारे ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो’ के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मोदी जी और योगी जी के नेतृत्व में सरकार समाज के दलित और पिछड़े वर्गों की उन्नति के लिए लगातार काम कर रही है।

समाजसेवियों और मेधावी छात्रों का सम्मान
इस अवसर पर समाजसेवा और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले समाजसेवियों और मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह युवा पीढ़ी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का एक प्रयास था।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय संरक्षक नत्थी सिंह जसोरा, राष्ट्रीय संगठन सचिव अनिल कुमार, राष्ट्रीय महासचिव सोहन सिंह, धर्मेंद्र सोनी, पी.सी. बेरवाल, नेत्रपाल सिंह, रविंद्र कुमार, अर्जुन सिंह, रचना सिंह और आशा सचदेवा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।