आगरा में मुख्य चुनाव आयुक्त के आवास का कांग्रेसियों ने किया घेराव: ‘वोट चोर’ बताकर मांगा इस्तीफा, पुलिस से हुई झड़प

आगरा। आगरा में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के आवास का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। विजय नगर स्थित उनके घर के बाहर पहुंचे कांग्रेसियों ने पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ते हुए नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प भी हुई। कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार को ‘वोट चोर’ बताते हुए तत्काल इस्तीफे और राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की।


पुलिस से झड़प, आवास के पास पहुँचकर नारेबाजी

दोपहर करीब 3:30 बजे, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अमित सिंह के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेसी विजय नगर स्थित मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के आवास की ओर बढ़े। उनके हाथों में “ज्ञानेश कुमार, वोट चोर” लिखी तख्तियां थीं। प्रदर्शनकारियों में महिला कार्यकर्ता भी शामिल थीं।

पुलिस को प्रदर्शन की सूचना पहले ही मिल चुकी थी, जिसके चलते उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के आवास को घेर लिया था। जैसे ही कांग्रेसी जुलूस निकालते हुए 50 मीटर पहले पहुँचे, पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया और लाठी-डंडे लगाकर रास्ता रोका। मगर कांग्रेसी नहीं माने और पुलिसकर्मियों को किनारे करते हुए तेजी से आगे बढ़ गए। वे मुख्य चुनाव आयुक्त के आवास के पास पहुँचकर करीब एक घंटे तक जमकर नारेबाजी करते रहे। इस दौरान कुछ महिला कांग्रेस कार्यकर्ता गिरते-गिरते बचीं।


‘लोकतंत्र की हत्या, संविधान के दुश्मन’: कांग्रेस का आरोप

कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अमित सिंह ने इस दौरान मीडिया से बात करते हुए कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने देश के लोकतंत्र की हत्या की है और वे संविधान के दुश्मन हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिंदा लोगों के वोट काटे गए हैं। अमित सिंह ने मांग की कि ज्ञानेश कुमार को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ज्ञानेश कुमार ने इस्तीफा नहीं दिया, तो कांग्रेस उनके आगरा आने पर विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को देश और राहुल गांधी, दोनों से माफी मांगनी चाहिए। अमित सिंह ने इस प्रदर्शन को ‘आजादी की दूसरी लड़ाई’ बताते हुए कहा कि यदि इसका विरोध नहीं हुआ तो देश दूसरी बार गुलामी की ओर बढ़ेगा। उन्होंने चुनाव आयोग पर भाजपा कार्यकर्ता के रूप में काम करने का भी गंभीर आरोप लगाया।

आवास पर नहीं थे मुख्य चुनाव आयुक्त के माता-पिता

जिस समय कांग्रेसी प्रदर्शन कर रहे थे, उस वक्त मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के माता-पिता, डॉ. सुबोध कुमार (सेवानिवृत्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी) और सत्यवती गुप्ता (योग सिखाती हैं), आवास पर मौजूद नहीं थे। वे नोएडा गए हुए हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्य चुनाव आयुक्त की बड़ी बेटी मेधा रूपम वर्तमान में नोएडा की डीएम हैं।

एसीपी अक्षय महाडिक ने बताया कि कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अमित सिंह कुछ लोगों के साथ आए थे। पहले से ही पुलिस की टीमें तैनात थीं और प्रदर्शनकारियों को मुख्य चुनाव आयुक्त के आवास पर पहुँचने से रोका गया। ज्ञापन सौंपने के बाद प्रदर्शनकारी वापस लौट गए।


और खबरें भी हैं…

Abhimanyu Singh

Related Posts

Agra News: 23 अप्रैल को निकलेगी भगवान परशुराम की शोभायात्रा

आगरा। ताजनगरी में इस वर्ष भगवान परशुराम जन्मोत्सव को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप देने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। महर्षि परशुराम जन्मोत्सव समिति के तत्वाधान में आयोजित…

Agra News: ताजमहल के पास गंदगी, सफाई एजेंसी पर ₹3 लाख का Fine

Agra News दुनिया भर के टूरिस्ट जिस ताज की खूबसूरती देखने आते हैं, अगर वहां धूल और गंदगी का ‘वेलकम’ मिले, तो शहर की इमेज का क्या होगा? इसी सवाल…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights