आगरा। आगरा के व्यवसायियों को एक साझा मंच पर लाने और आपसी सहयोग से नए व्यापारिक अवसर पैदा करने के उद्देश्य से बीएनआई ताज ग्रुप, आगरा चैप्टर ने बुधवार को एक भव्य ग्रांड विजिटर डे का आयोजन किया। यह कार्यक्रम फतेहाबाद रोड स्थित होटल ग्रैंड मर्क्योर में हुआ, जिसमें शहर के कई जाने-माने उद्यमी और महिला व्यवसायी शामिल हुए।
बीएनआई ताज ग्रुप के अध्यक्ष राहुल अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन उद्यमियों को नेटवर्किंग और सहयोग के जरिए व्यापार को बढ़ाने का बेहतरीन मौका देता है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन सालों में इस ग्रुप ने व्यापार जगत में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर प्रवीन जैन ने बताया कि आज के दौर में नेटवर्किंग सबसे जरूरी है और बीएनआई उद्यमियों को सिर्फ राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जोड़ने का काम कर रहा है।
इस कार्यक्रम में विज्ञापन, सोलर, आईटी, इवेंट मैनेजमेंट, हेल्थकेयर, रियल एस्टेट, ज्वेलरी और हैंडीक्राफ्ट्स जैसे विभिन्न क्षेत्रों के उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए। पूर्व अध्यक्ष अमित खत्री ने बताया कि बीएनआई से जुड़कर उद्यमी न केवल व्यापार के नए अवसर पाते हैं, बल्कि उन्हें मार्केटिंग और ब्रांडिंग की भी बेहतर समझ मिलती है।
अंत में, सचिव मयंक गुप्ता ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि भविष्य में बीएनआई आगरा चैप्टर और भी बड़े स्तर पर नेटवर्किंग कार्यक्रम आयोजित करेगा।
इस अवसर पर प्रवीन जैन (एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर), आशीष अग्रवाल (उपाध्यक्ष), मयंक गुप्ता (सचिव), शिखा जैन, जितेंद्र चौधरी, नेहा गोयल, राहुल त्यागी, अमन गुप्ता, प्रशांत और केशव अग्रवाल सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
































































































