Agra

आगरा में राणा सांगा के नाम पर चौक का नामकरण, सपा सांसद के बयान पर BJP का करारा जवाब


आगरा। राज्यसभा में राणा सांगा पर विवादित टिप्पणी करने के बाद चर्चा में आए सपा सांसद रामजीलाल सुमन को अब हर रोज अपने घर से निकलते हुए राणा सांगा को याद करना होगा। आगरा नगर निगम ने सांसद के आवास के पास स्थित स्पीड कलर लैब तिराहे का नाम बदलकर ‘राणा सांगा चौक’ करने का प्रस्ताव पास कर दिया है। इसके पीछे भाजपा पार्षद शरद चौहान का तर्क है कि यह सपा सांसद के बयान का करारा जवाब है।

बाग फरजाना वार्ड के भाजपा पार्षद शरद चौहान, जिनके वार्ड में ही सपा सांसद का घर है, ने 8 सितंबर को नगर निगम सदन में यह प्रस्ताव रखा था, जिसे मंजूरी दे दी गई। उन्होंने कहा, “सपा सांसद जब भी यहां से गुजरें तो राणा सांगा चौक के नाम पर वे राणा सांगा को याद करें और उनका इतिहास पढ़ें। उन्हें हर बार राणा सांगा को प्रणाम करना होगा।”

विधायक ने प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव भेजा

इसी तिराहे पर राणा सांगा की विशाल प्रतिमा लगाने के लिए एत्मादपुर के विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने भी शासन को प्रस्ताव भेजा है। उन्होंने कहा कि राणा सांगा सभी की शान हैं और आने वाली पीढ़ी उनके शौर्य को याद रखे, इसलिए यह प्रतिमा लगाई जानी चाहिए। विधायक और पार्षद दोनों ही क्षत्रिय समाज से हैं।

विवाद की जड़: राज्यसभा में दिया गया बयान

यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ, जब 21 मार्च को सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने राज्यसभा में कहा था कि “बाबर को भारत में राणा सांगा ने ही बुलाया था।” उन्होंने राणा सांगा को “गद्दार” कहकर संबोधित किया था, जिसकी पूरे देश में कड़ी निंदा हुई थी। उनके इस बयान के बाद 26 मार्च को आगरा स्थित उनके आवास पर करणी सेना ने हमला और तोड़फोड़ की थी।

सांसद का आवास और नया ‘राणा सांगा चौक’

सपा सांसद रामजीलाल सुमन का आवास एमजी रोड पर स्थित संजय प्लेस एचआईजी सोसाइटी में है। उनके घर से नए राणा सांगा चौक की दूरी बमुश्किल 50 मीटर है और उनका इसी रास्ते से आना-जाना होता है।

इस पूरे मामले पर सपा सांसद ने कहा है कि उन्हें नगर निगम के प्रस्ताव की कोई जानकारी नहीं है और वह एक स्वतंत्र इकाई है, जिसे जो करना है, वो कर सकती है।

Abhimanyu Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights