Agra

आगरा में जनकपुरी महोत्सव: 18 से 20 सितंबर तक कमला नगर ‘नो पार्किंग जोन’ घोषित


आगरा। जनकपुरी महोत्सव को देखते हुए, आगरा के कमला नगर क्षेत्र को 18 से 20 सितंबर तक ‘नो पार्किंग जोन’ घोषित किया गया है। लोगों से अपील की गई है कि वे तीनों दिन शाम 6 बजे से पहले ही अपने घरों में पहुँच जाएँ, क्योंकि इसके बाद आयोजन क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।

महोत्सव की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था के लिए यह निर्णय लिया गया है। श्री जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के मुख्य संरक्षक और राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने इस संबंध में कमला नगर के निवासियों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक यह क्षेत्र ‘नो कार जोन’ रहेगा, जिससे स्थानीय लोगों को असुविधा हो सकती है।

आयोजन स्थल पर अतिरिक्त सफाई और शराब के ठेके बंद

महोत्सव के लिए कमला नगर को भव्य रूप से सजाया गया है। नगर निगम ने क्षेत्र की स्वच्छता बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों को तैनात किया है। वहीं, संयोजक और पार्षद पंकज अग्रवाल की मांग पर 18, 19 और 20 सितंबर को पूरे जनकपुरी क्षेत्र में शराब के ठेके बंद रखने का आदेश भी जारी किया गया है।

जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने जनकपुरी महोत्सव को उत्तर भारत का सबसे बड़ा आयोजन बताते हुए इसे पर्यटन से जोड़ने की बात कही। उन्होंने सुझाव दिया कि इसका व्यापक प्रचार-प्रसार होना चाहिए, ताकि ताजमहल और फतेहपुर सीकरी देखने आने वाले पर्यटक भी जनक महल का दीदार कर सकें।

Abhimanyu Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights