आगरा। आगरा के फतेहाबाद तहसील के निबोहरा क्षेत्र में स्थित धरियाई गांव में एक अज्ञात जंगली जानवर के कारण दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का दावा है कि उन्होंने रात में एक तेंदुए जैसा जानवर देखा है, जिससे डरकर वे अब रात में लाठियां लेकर पहरा देने को मजबूर हैं।
गांव के एक निवासी ब्रह्मचारी ने बताया कि शुक्रवार रात वह अपने घर के बाहर चारपाई पर लेटे थे, तभी उन्हें एक जानवर अपनी ओर आता दिखा, जो देखने में तेंदुए जैसा लग रहा था। उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। ग्रामीणों का कहना है कि इस जानवर के कारण न सिर्फ इंसानों बल्कि मवेशियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है।
ग्रामीण सत्यवीर सिंह ने बताया कि डर के मारे शाम होते ही बच्चों को घर से बाहर नहीं जाने दिया जाता। यह जानवर अक्सर रात के अंधेरे में गांव के आसपास दिखाई देता है। ग्रामीण बारी-बारी से रात में जागकर गांव की रखवाली कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से जल्द से जल्द इस जानवर को पकड़ने की मांग की है। इस संबंध में, वन विभाग के रेंजर ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि गांव में एक टीम भेजी जा रही है। टीम जानवर की पहचान कर उसे पकड़ने या जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास करेगी। उन्होंने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील भी की है।
































































































