Agra

आगरा में महालक्ष्मी मंदिर की दीवार गिरी, कई लोग यमुना में गिरे


आगरा। आगरा में उफनती यमुना नदी के कारण सोमवार शाम बल्केश्वर स्थित 118 साल पुराने श्री महालक्ष्मी मंदिर में एक बड़ा हादसा हो गया। मंदिर की दीवार के साथ-साथ छत का करीब 3 फीट हिस्सा भी गिर गया, जिससे उस पर खड़े कई लोग 15 फीट नीचे यमुना नदी में जा गिरे। हादसे के बाद मंदिर परिसर में भगदड़ और चीख-पुकार मच गई।

शाम करीब 7 बजे जब यह हादसा हुआ, उस समय 30 से ज़्यादा लोग मंदिर प्रांगण में बाढ़ के हालात देखने के लिए जमा थे। दीवार के गिरते ही लोग भागने लगे।


पुलिस ने 6 लोगों को बाहर निकाला, सर्च ऑपरेशन जारी

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुँचे। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, मेयर हेमलता दिवाकर और नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और 6 लोगों को मलबे से बाहर निकाला, जिन्हें चोटें आई हैं। उन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया है।

डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि कुछ लोग नदी में गिरे थे, जिन्हें निकाला गया है और अभी भी तलाश जारी है।

मैंने 3 लोगों को खून से लथपथ भागते देखा…

घटना के चश्मदीद ऋषि अग्रवाल ने बताया कि साढ़े 6 बजे मैं मंदिर में माता के दर्शन करने जा रहा था। जब मैं गेट पर पहुंचा, तो देखा कि लोग बाहर की ओर भाग रहे हैं। मैंने पूछा कि क्या हुआ है? लोगों ने बताया कि हादसा हो गया है। हादसा सुनकर मैं मंदिर में अंदर की तरफ दौड़ा।

जब मैं मंदिर परिसर में पहुंचा, तो 3 लोग खून से लथपथ बाहर की ओर भाग रहे थे। मैंने उनसे भी पूछा कि क्या हुआ? उन लोगों ने बताया कि मंदिर की दीवार गिर गई है। कई लोग यमुना में गिर गए हैं। कुछ लोग बाहर निकल आए हैं। कुछ लोग दब गए हैं। बताया कि हादसे के समय करीब 40 लोग वहां मौजूद थे।

डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने जानकारी दी कि 3 लापता लोगों के मिलने की बात सामने आई है और एहतियात के तौर पर SDRF टीम के साथ सर्च ऑपरेशन जारी है।

गनीमत रही कि दीवार बाहर की तरफ गिरी, वरना अंदर की तरफ गिरने पर और भी बड़ा हादसा हो सकता था। यह घटना दिखाती है कि उफनती यमुना को देखने के दौरान लोग किस तरह अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं।

Abhimanyu Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights