आगरा के होटल डीसी विलास में भीषण आग: AC कंप्रेसर फटने से लगी आग, देर रात मची अफरा-तफरी, कोई हताहत नहीं
आगरा। थाना रकाबगंज क्षेत्र के छीपीटोला स्थित होटल डीसी विलास में देर रात भीषण आग लग गई। यह हादसा होटल के एयर कंडीशनर (AC) का कंप्रेसर फटने से हुआ, जिसके बाद आग की तेज लपटें उठनी शुरू हो गईं। अचानक हुई इस घटना से होटल में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए बाहर भागे। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
तेज धमाके के साथ फटा AC कंप्रेसर
यह हादसा देर रात करीब 1 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, होटल की तीसरी मंजिल पर लगे एसी का कंप्रेसर तेज धमाके के साथ फटा। धमाके की आवाज़ इतनी ज़ोरदार थी कि ऐसा लगा जैसे कोई बड़ा ब्लास्ट हुआ हो। कंप्रेसर फटने के तुरंत बाद एसी में आग लग गई और देखते ही देखते लपटें उठने लगीं।
धमाके की आवाज सुनकर होटल में रुके सभी लोग घबराकर बाहर निकल आए। आग की लपटें देखकर होटल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी सुरक्षा के लिए तेजी से बाहर भागे। होटल के बाहर भी बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
45 मिनट की मशक्कत के बाद पाया गया आग पर काबू
सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की गाड़ियाँ घटनास्थल पर पहुँचीं। दमकलकर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब 45 मिनट तक आग बुझाने का काम किया और आखिरकार लपटों पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि इस आगजनी में कोई जनहानि नहीं हुई है। हालांकि, आग लगने से होटल का काफी सामान जलकर खाक हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।