आगरा में दिल दहला देने वाली घटना: शीशा कारीगर ने पहले काटी नस, फिर फंदे पर झूले! आर्थिक तंगी और घरेलू विवाद बनी वजह
आगरा। आगरा के थाना ट्रांस यमुना अंतर्गत राहुल नगर में एक शीशा कारीगर ने आर्थिक तंगी और घरेलू विवाद से तंग आकर अपनी जान दे दी। उसका शव फैक्ट्री के बाथरूम में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने मौके से मृतक के खून से सने कपड़े और एक ब्लेड बरामद किया है, जिससे प्रतीत होता है कि उसने पहले नस काटी और फिर खुद को फांसी लगा ली।
नशे में घर पहुंचा, परिवार से विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम
जानकारी के अनुसार, हाथरस रोड पर राहुल नगर, टेडी बगिया स्थित इकबाल की शीशा कटिंग फैक्ट्री में शौकत पुत्र मुनव्वर अली (निवासी शाह नगर बंबा) पहले काम करता था। वर्तमान में वह कमला नगर क्षेत्र में काम कर रहा था। पड़ोसियों ने बताया कि बुधवार रात करीब 11:30 बजे शौकत नशे की हालत में फैक्ट्री पहुंचा। उसका पैंट खून से सना हुआ था और पैरों से खून बह रहा था। उसने बताया कि घरवालों से उसका झगड़ा हो गया है और उसका फोन भी ले लिया गया है।
फैक्ट्री मालिक ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं माना तो उसे सोने के लिए फैक्ट्री की छत पर भेज दिया गया।
सुबह बाथरूम में मिला शव, खून से सने कपड़े बरामद
गुरुवार सुबह जब फैक्ट्री का एक अन्य कारीगर छत पर बने बाथरूम में शौच करने गया, तो उसने शौकत का शव रस्सी के फंदे से लटका देखा। उसकी चीख सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। छत की सीढ़ी पर उसके खून से लथपथ कपड़े टंगे हुए थे।
सूचना मिलते ही ट्रांस यमुना थाना पुलिस और टेडी बगिया चौकी इंचार्ज ऋषि कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
आर्थिक तंगी और नशे की लत से जूझ रहा था परिवार
परिजनों ने बताया कि शौकत मूल रूप से गंजडुंडवारा, जिला एटा के निवासी थे और पिछले 30 वर्षों से आगरा में किराए के मकान में रहकर गुजारा कर रहे थे। मृतक शौकत के तीन पुत्र और तीन पुत्रियां हैं, जिनमें से पांच बच्चों की शादी हो चुकी है। परिजनों के मुताबिक, शौकत नशे का आदी था, जिसके चलते आए दिन घर में क्लेश हुआ करता था। आर्थिक तंगी और नशे की लत के कारण हुए पारिवारिक विवाद ही इस दर्दनाक कदम की वजह माने जा रहे हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।