आगरा। 5 अगस्त को आगरा आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में बड़ा बदलाव किया गया है। मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश के अलर्ट के चलते सर्किट हाउस पर होने वाली उनकी जनसभा को रद्द कर दिया गया है। अब मुख्यमंत्री सीधे मंडलायुक्त कार्यालय आएंगे, जहाँ वे विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे और आगरा मंडल के मंत्रियों व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक भी करेंगे। कल होने वाली इस बैठक में अधिकारियों की क्लास लगेगी या उन्हें शाबाशी मिलेगी, यह देखना दिलचस्प होगा।
अटलपुरम की लॉन्चिंग और 1753 करोड़ की योजनाओं पर संकट
मुख्यमंत्री के निजी सचिव रामसूरत सविता की तरफ से जारी नए प्रोग्राम शेड्यूल के अनुसार, सर्किट हाउस में होने वाली सभा को हटा दिया गया है। इस सभा में मुख्यमंत्री विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र देने वाले थे और यहीं पर आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) की बहुप्रतीक्षित अटलपुरम टाउनशिप की लॉन्चिंग भी होनी थी। इसके साथ ही, 1753 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी प्रस्तावित था, लेकिन अब नए शेड्यूल में इनमें से एक भी कार्यक्रम शामिल नहीं है। इससे ADA की अटलपुरम टाउनशिप की लॉन्चिंग खटाई में पड़ सकती है।
CM योगी का बदला हुआ शेड्यूल
नए कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 5 अगस्त को दोपहर 12:40 बजे आगरा के खेरिया हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। वहाँ से वे 12:55 बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे, जहाँ दोपहर 1:25 बजे तक का समय आरक्षित रखा गया है। इसके बाद, वे दोपहर 1:30 बजे मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचेंगे।
मंडलायुक्त कार्यालय में, मुख्यमंत्री आगरा मंडल के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और एमएलसी के साथ बैठक करेंगे। दोपहर 2:45 बजे वे मंडलायुक्त कार्यालय से खेरिया हवाई अड्डे के लिए रवाना होंगे और दोपहर 3 बजे अपने राजकीय प्लेन से लखनऊ के लिए उड़ान भरेंगे।
बारिश के कारण लिया गया फैसला, तैयारियां रोकी गईं
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में यह बदलाव मुख्य रूप से बारिश के अलर्ट के कारण किया गया है। बताया जा रहा है कि 5 अगस्त को भारी बारिश का पूर्वानुमान है। ऐसे में जिस जगह पर सभा होनी थी, वहाँ जलभराव की समस्या हो सकती थी और बारिश की वजह से कार्यक्रम में खलल पड़ने के साथ-साथ अव्यवस्थाएं भी फैल सकती थीं। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए सर्किट हाउस का कार्यक्रम रद्द किया गया है।
कार्यक्रम में बदलाव होने के बाद सर्किट हाउस में सीएम के कार्यक्रम की तैयारियों के लिए लाया गया सामान भी ट्रक से नहीं उतारा गया है, और वहाँ चल रहीं वाटर प्रूफ टेंट लगाने जैसी तैयारियां भी रोक दी गई हैं।


































































































