आगरा। आगरा में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। आपसी विवाद के बाद एक पति ने अपनी पत्नी को ईदगाह पुल से नीचे फेंक दिया। वहाँ से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत पति को पकड़ लिया और जमकर उसकी पिटाई की, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुल से करीब 20 फीट नीचे गिरने के कारण पत्नी को गंभीर चोटें आई हैं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना रात के समय की है, जब कुलदीप अपनी पत्नी चंचल को उसके मायके से लेकर घर जा रहा था। रास्ते में ईदगाह पुल पर दोनों के बीच फिर से झगड़ा शुरू हो गया। गुस्से में आकर कुलदीप ने चंचल को पुल से नीचे फेंक दिया। नीचे रेलवे ट्रैक होने की वजह से चंचल को काफी चोटें आईं और उसके शरीर से खून बहने लगा।
लोगों ने जब यह देखा, तो वे चिल्लाने लगे और कुलदीप को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। पिटाई के दौरान कुलदीप खुद भी “और मारो मुझे” चिल्ला रहा था। बाद में, लोगों ने उसे पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने चंचल को रेलवे ट्रैक से उठाकर तुरंत अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।
जांच में पता चला है कि शाहगंज निवासी कुलदीप जूता फैक्ट्री में काम करता है और तीन साल पहले उसकी शादी चंचल से हुई थी। उनकी डेढ़ साल की एक बेटी भी है। शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था, जिसकी वजह से चंचल 45 दिन पहले अपने मायके चली गई थी।




































































































