खेरागढ़, आगरा। सोमवार को खेरागढ़ में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) ऋषि राव की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 122 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 15 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
एसडीएम ऋषि राव ने सभी फरियादियों की समस्याओं को ध्यान से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को बाकी बची शिकायतों का जल्द और प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में सबसे ज्यादा शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित थीं, जबकि कुछ मामले पुलिस और विद्युत विभाग के भी थे। जिन 15 शिकायतों का समाधान हुआ, वे सभी राजस्व विभाग से जुड़ी थीं।
इस अवसर पर न्यायिक उपजिलाधिकारी विनोद चौधरी, तहसीलदार सतेंद्र सिकरवार, नायब तहसीलदार अभिषेक कुमार और हरिशंकर दुबे सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को हल करने का आश्वासन दिया।


































































































