खेरागढ़ में भाजपा का ‘सेवा पखवाड़ा’ अभियान, 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगी कार्यशाला
आगरा। खेरागढ़ में भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल ने देवी मंदिर परिसर में ‘सेवा पखवाड़ा’ अभियान की कार्यशाला का आयोजन किया। इस दौरान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान की रूपरेखा तैयार की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष महेश गर्ग ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर दीप जलाकर की। कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा पिछड़ा मोर्चा के ब्रज क्षेत्र कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र वर्मा ने की।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष कपिल जिंदल, पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन गोयल और सेवा पखवाड़ा संयोजक कल्याण सिंह राजपूत भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता, मंडल पदाधिकारी, सेक्टर संयोजक और बूथ अध्यक्षों ने भी भाग लिया। इस कार्यशाला में सभी ने मिलकर ‘सेवा पखवाड़ा’ अभियान को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की।