आगरा में भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ की बैठक: 1 सितंबर से चलेगा ‘स्वदेशी जन जागरण अभियान’, पीएम मोदी के आह्वान पर फोकस
आगरा। आगरा में मंगलवार को भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ की ब्रज क्षेत्र स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें ‘स्वदेशी जन जागरण अभियान’ चलाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। पार्टी के ब्रज क्षेत्र कार्यालय, जयपुर हाउस में हुई इस बैठक में ब्रज क्षेत्र के 19 जिलों के संयोजक और सहसंयोजक शामिल हुए। बैठक में तय किया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 1 सितंबर से पूरे प्रदेश में यह स्वदेशी अभियान शुरू किया जाएगा।
अभियान के तीन चरण: मशाल जुलूस, चौपाल और व्यापारिक सम्मेलन
मुख्य अतिथि और प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत शारदा ने अभियान की रूपरेखा बताते हुए कहा:
- पहला चरण (1 से 10 सितंबर): हर जिले के प्रमुख बाजारों में मशाल जुलूस निकाले जाएंगे। इसके साथ ही, लोगों को स्वदेशी अपनाने और विदेशी सामानों का बहिष्कार करने के लिए पेंपलेट वितरित किए जाएंगे।
- दूसरा चरण (11 से 25 सितंबर): 15 दिनों का चौपाल कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें व्यापारियों को देश में निर्मित सामान बेचने और आम जनता को स्वदेशी सामान खरीदने के लिए जागरूक किया जाएगा।
- तीसरा चरण (1 अक्टूबर से 1 दिसंबर): व्यापारिक गोष्ठियों के साथ-साथ हर जिले में बड़े व्यापारिक सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों में देश और प्रदेश के मंत्री और पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
विनीत शारदा ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले से जनता के समक्ष फिर से स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित किया है, जो राष्ट्रपिता महात्मा गांधी द्वारा आजादी से पहले शुरू किए गए स्वदेशी आंदोलन के 78 साल बाद हो रहा है।
GST सरलीकरण और व्यापारी कल्याण पर भी चर्चा
शारदा ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा जीएसटी स्लैब को सरल कर 18% और 5% करने के प्रस्ताव से व्यापारी वर्ग काफी उत्साहित है। उन्होंने बताया कि सबका साथ, सबका विकास नीति के तहत व्यापारियों के लिए चहुमुखी विकास सुनिश्चित किया गया है। व्यापारी कल्याण बोर्ड की स्थापना, नए एक्सप्रेस-वे, सुलभ रेल और हवाई मार्ग, तथा बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर जैसी सुविधाओं से व्यापार में वृद्धि हुई है।
शारदा ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 23 अगस्त को दिल्ली में अखिल भारतीय व्यापारी लीडर्स सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें केंद्रीय उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा केंद्रीय महामंत्री सुनील बंसल, दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित अन्य प्रमुख अतिथि उपस्थित रहेंगे और हर जिले से आमंत्रित व्यापारियों को संबोधित करेंगे।
बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश संयोजक व्यापार प्रकोष्ठ विनीत शारदा, भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, रामबाबू हरित, क्षेत्रीय संयोजक हेमंत खंदौली गोयल, सहसंयोजक प्रदीप गुप्ता भामाशाह, सहसंयोजक के के गुप्ता, आगरा महानगर भाजपा मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल, आगरा जिला संयोजक संजय गुप्ता, अनुराग मित्तल, महानगर संयोजक गौरव बंसल, दिनेश अग्रवाल, जुगल किशोर, अंकित बंसल, शैलेंद्र गुप्ता, पंकज गुप्ता, मनोज गुप्ता आदि मौजूद रहे।