आगरा: चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में वार्षिक कलशाभिषेक महोत्सव संपन्न
आगरा। नाई की मंडी स्थित श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में बुधवार को वार्षिक कलशाभिषेक महोत्सव का आयोजन धूमधाम से किया गया। कटरा इतवारी खां शैली के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नित्य नियम पूजन के साथ हुआ। पंडित आशीष जैन शास्त्री के निर्देशन में भक्तों ने मंत्रोच्चार के साथ स्वर्ण कलशों से भगवान का जलाभिषेक किया। शाम को संगीतमय भक्ति संध्या और मंगल आरती का आयोजन किया गया, जिसमें दीपों और मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण आध्यात्मिक प्रकाश से जगमगा उठा।
शाम 7:30 बजे, तपस्वी सम्राट आचार्य श्री सन्मति सागर जी के जीवन पर आधारित एक विशेष प्रस्तुति “कलयुग में मोक्ष नहीं तो तप क्यों, तप की महिमा” डिजिटल स्क्रीन पर दिखाई गई। यह प्रस्तुति जिन आगम प्रभावना क्रिएशन, कानपुर द्वारा तैयार की गई थी, जिसका निर्देशन और पटकथा प्रवीण विजय जैन ने किया था। श्रद्धालुओं ने इस प्रस्तुति की खूब सराहना की और इसे अध्यात्म व भक्ति का अद्भुत संगम बताया।
कार्यक्रम के अंत में, सभी भक्तों ने जिनवाणी संदेश को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया। पूरा मंदिर परिसर भक्ति गीतों और प्रभु के जयकारों से गूंजता रहा। समापन पर सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर निर्मल जैन मोठ्या, सुरेन्द्र बैनाड़ा, राजेश सेठी, अजित रांवका, अनिल मोठया, अशोक जैन, अनिल जैन, प्रमोद जैन, राजेश बैनाड़ा, दीपक जैन, विनोद जैन, शुभम जैन, अजित जैन, सुमेर बैनाड़ा, मोहन जैन, पंकज बैनाड़ा, तरुण जैन, अंकुर जैन, सुनीता जैन और समस्त कटरा इतवारी खां जैन समाज के लोग उपस्थित रहे।
