आगरा। आगरा नगर निगम ने बुधवार को शीतला गली में सड़क पर हुए अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। एक भवन स्वामी द्वारा सड़क पर अवैध रूप से बनाए गए किचन और बाथरूम को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया, जिससे लंबे समय से बाधित हो रहा आवागमन अब सुचारु हो गया है।
इस मामले की शिकायत स्थानीय निवासी प्रणंग शर्मा ने IGRS पोर्टल पर दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद नगर निगम ने भवन स्वामी रज्जो को नोटिस जारी कर अवैध निर्माण हटाने के लिए कहा था। लेकिन, निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी जब निर्माण नहीं हटाया गया, तो जोनल अधिकारी अवधेश कुमार के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम मौके पर पहुँची और कार्रवाई शुरू कर दी।
विरोध के बावजूद जारी रही कार्रवाई
अवैध निर्माण को गिराने के दौरान नगर निगम की टीम और अतिक्रमणकारियों के बीच काफी नोकझोंक हुई। इसके बावजूद, निगम की टीम ने सख्ती दिखाते हुए बुलडोजर से पूरा अवैध निर्माण गिरा दिया और मौके से ईंट-पत्थर सहित अन्य सामान भी जब्त कर लिया।
क्या कहते हैं नगर आयुक्त?
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि सार्वजनिक मार्गों और सरकारी भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नागरिकों को पहले नोटिस देकर खुद से अतिक्रमण हटाने का मौका दिया जाता है। लेकिन अगर समय सीमा के बाद भी कब्जा नहीं हटाया जाता, तो निगम सख्ती से कार्रवाई करता है। उन्होंने यह भी कहा कि शहर में यातायात और आमजन की सुविधा को प्रभावित करने वाले सभी अतिक्रमणों को जल्द ही हटाया जाएगा।


































































































