आगरा। आगरा की मूल निवासी और अब लंदन में मॉडलिंग की दुनिया में नाम कमा रहीं रत्ना वली व्यास का उनके गृह नगर में ‘लीडर्स आगरा’ ने भव्य अभिनंदन किया। रत्ना वली ने बताया कि इस सम्मान से उनका हौसला और भी बढ़ा है, और वह अब आगरा का नाम रोशन करने के लिए और अधिक परिश्रम करेंगी।

कभी ‘मिस आगरा’ और ‘मिस यूपी’ रहीं रत्ना ने मॉडलिंग की शुरुआत आगरा और दिल्ली से की थी। इसके बाद उन्होंने मुंबई और लंदन में मशहूर कोरियोग्राफर्स के साथ काम किया।

‘लीडर्स आगरा’ के महामंत्री और पूर्व पार्षद सुनील जैन ने इलायची की माला से रत्ना वली का सम्मान करते हुए उनके उल्लेखनीय कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रत्ना ने डाबर हेयर ऑयल, पैराशूट हेयर ऑयल, अपोलो हॉस्पिटल, दिल्ली पुलिस, एचडीएफसी बैंक और केनरा बैंक जैसे बड़े ब्रांडों के लिए प्रिंट विज्ञापनों में काम किया है। वर्तमान में, वह लंदन के प्रसिद्ध फोटोग्राफरों जेम्स हेटली और किंथ के लिए मॉडलिंग करती हैं। इस अवसर पर लीडर्स आगरा परिवार के राहुल जैन, हरिकांत शर्मा, सुनील बग्गा, राजदीप ग्रोवर और रोबिन जैन ने उन्हें पट्टीका पहनाकर स्वागत किया।

अपने सम्मान से अभिभूत होकर, रत्ना वली ने बताया कि उन्होंने ब्रज भाषा की फिल्म ‘ब्रज का बिरजू’ में काम किया है और ‘अशोका’, ‘महाबली हनुमान’ और ‘काल भैरव’ जैसे अनेक टीवी शो और सीरियल्स में अभिनय किया है। उन्होंने आईआईएफटी, निफ्ट, जेडी इंस्टीट्यूट के लिए भी शो किए हैं और इंद्रा थर्मल वियर, उषा सिलाई मशीन तथा टेली ब्रांड्स के लिए टीवी विज्ञापन किए हैं। भारत में उन्हें कई फिल्मों के ऑफर मिले, लेकिन उन्होंने स्वीकार नहीं किए। वह मशहूर अभिनेत्री हेमा मालिनी के साथ कैंट वाटर प्यूरीफायर के प्रिंट विज्ञापन में भी दिखीं। लंदन में उन्होंने कई फेमस ब्रांड्स के लिए कैटवॉक किया है और वहाँ अपना एक रेस्टोरेंट भी संचालित करती हैं।

इस अवसर पर रत्ना वली के साथ उनकी बड़ी बहन भावना वाली काचरू भी मौजूद थीं। सम्मान करने वालों में लीडर्स आगरा के महामंत्री सुनील जैन के साथ-साथ वरिष्ठ पत्रकार आदर्श नंदन गुप्ता, राहुल जैन, आदीपिका गुप्ता, शरद गुप्ता, सुनील बग्गा, हरिकांत शर्मा, राजदीप ग्रोवर, रोबिन जैन और राजू सविता आदि भी शामिल थे।

Abhimanyu Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights