आगरा: श्यामों गांव में जलभराव की समस्या का समाधान शुरू
आगरा। आगरा के शमसाबाद मार्ग पर स्थित बरौली अहीर ब्लॉक की ग्राम पंचायत श्यामों में महीनों से चली आ रही जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए प्रशासन ने कदम उठाए हैं। दुर्गा देवी मंदिर के सामने और गांव के कई अन्य हिस्सों में जमा पानी से ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है।
इस मुद्दे को समाजसेवी विजय सिंह लोधी ने सहायक विकास अधिकारी (एडीओ) दिनेश चंद वर्मा के संज्ञान में लाया। उन्होंने बताया कि प्राथमिक विद्यालय और माता रानी मंदिर के पास भी पानी जमा हो रहा था, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा था।
प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नालियों की सफाई करवाई और पानी निकालने के लिए वाटर पंप लगाने का निर्णय लिया है। विजय सिंह ने यह भी बताया कि जल निकासी की सही व्यवस्था न होने के कारण पानी श्मशान स्थल में जमा हो रहा है, जिससे वह तालाब में बदलता जा रहा है।
एडीओ पंचायत दिनेश चंद वर्मा ने गांव में नियमित रूप से सफाई कर्मियों की टीम भेजने का आश्वासन दिया है। सफाई टीम में भीकम सिंह, राजकुमारी, बबीता और रमेश शामिल रहे। समाजसेवी विजय सिंह लोधी ने त्वरित कार्रवाई के लिए एडीओ पंचायत का आभार व्यक्त किया है।