आगरा: बॉलीवुड अभिनेत्री रीवा अरोरा ने किया रैंप वॉक, ग्लैमर और संस्कृति का दिखा संगम
आगरा। आगरा में रविवार रात ग्लैमर और संस्कृति का एक अनूठा मिलन देखने को मिला, जब होटल क्लार्क्स शिराज में ‘बॉलीवुड बीट्स’ थीम पर आधारित भव्य कल्चरल फैशन शो का आयोजन हुआ। इस शो में बॉलीवुड अभिनेत्री रीवा अरोरा ने शोस्टॉपर के रूप में रैंप पर वॉक कर सभी का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बीना लवानिया, साक्षी निझावन, डॉ. पंकज महेन्द्रु, डॉ. रेनुका डंग और डॉ. निखिल चतुर्वेदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। रीवा अरोरा ने अपनी मौजूदगी से शो में चार चाँद लगा दिए। उन्होंने न सिर्फ रैंप वॉक किया, बल्कि नारी सशक्तिकरण सम्मान के तहत साक्षी निझावन को सम्मानित भी किया।
रीवा अरोरा ने अपने संबोधन में कहा कि आगरा की धरती पर रैंप वॉक करना उनके लिए एक खास अनुभव है, जहाँ भारतीय परिधानों की खूबसूरती और स्थानीय संस्कृति का अद्भुत मेल देखने को मिला। उन्होंने कहा कि यह मंच नए मॉडल्स को अपने सपनों को साकार करने का अवसर दे रहा है।
दिल्ली, मुंबई, नोएडा, चंडीगढ़ और बैंगलोर जैसे शहरों से आई मॉडल्स ने जब पारंपरिक परिधानों में कैटवॉक किया, तो मंच भारतीय संस्कृति और आधुनिकता के मेल से जगमगा उठा।
बॉलीवुड बीट्स प्राइड अवार्ड के निदेशक अमितश्री यादव ने बताया कि शो में प्रतिभा दिखाने वाले मॉडल्स को भविष्य में म्यूजिकल वीडियो एल्बम और अन्य प्रोजेक्ट्स में मौका मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही ब्रज भाषा में बॉलीवुड फिल्म का निर्माण किया जाएगा, जिससे स्थानीय कलाकारों को मंच मिलेगा और ब्रज की संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी।
आयोजन समिति में निदेशक अमितश्री यादव, नरैन बहरानी (मोना), रोहित जैन, राजीव कुमार गुप्ता (गुप्ता प्रॉपर्टीज), राहुल गुप्ता, अर्पण सिंह, गौरव वर्मा, मनोज गुप्ता, आदित्य द्विवेदी, देव शरण आर्य, अमित खत्री और कीर्ति शर्मा शामिल रहे।