Agra

आगरा में दो धमाकों से दहला मोहल्ला, घर का गेट उखड़कर गिरा, सास-बहू घायल


आगरा। आगरा के शमसाबाद रोड स्थित प्रेम नगर मोहल्ला सोमवार रात दो धमाकों की गूंज से दहल गया। यहाँ एक घर में एक के बाद एक हुए दो धमाके इतने जोरदार थे कि घर का लोहे का मुख्य गेट उखड़कर गली में गिर गया और सामने खड़ी कार भी हिल गई। इस हादसे में घर में मौजूद सास-बहू गंभीर रूप से घायल हो गईं।

यह घटना सोमवार रात लगभग 8 बजे भानु प्रताप सिंह के घर में हुई। बताया गया कि घर पर उनकी पत्नी जानकी (67) और बहू साधना ही थीं। धमाके की आवाज सुनकर पूरे मोहल्ले के खिड़की-दरवाजे तक हिल गए। अचानक घर से धुआँ निकलते देखकर पड़ोसी बचाव कार्य में जुट गए।


हादसे में घायल सास जानकी और बहू साधना।

पड़ोसी की छत पर मिली बहू, बेसमेंट में सास

हादसे के बाद अफरा-तफरी का माहौल था। घर में आग लग गई थी, जिसे लोगों ने अपनी कोशिशों से बुझाया। बहू साधना धमाके के बाद पहली मंजिल से उछलकर पड़ोसी की छत पर जा गिरी थीं। उन्हें वहीं घायल अवस्था में पाया गया। वहीं, जानकी देवी बेसमेंट में जख्मी हालत में मिलीं। दोनों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

पड़ोसी सुभाष शर्मा ने बताया कि “धमाका इतना तेज था कि लगा जैसे कोई मकान ढह गया हो। हम बाहर निकले तो चीख-पुकार मची हुई थी।” उन्होंने बताया कि जानकी का आधा शरीर जल गया था।


सिलेंडर लीकेज से धमाके की आशंका

हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुँची। परिवार के सदस्यों और पुलिस की शुरुआती जाँच से सामने आया है कि धमाका गैस सिलेंडर में लीकेज के कारण हुआ हो सकता है।

राजेश तोमर की भतीजी मानसी ने बताया कि उनकी दादी जानकी बेसमेंट के एक कमरे में खाना बनाती थीं। उस कमरे में वेंटिलेशन (हवा आने-जाने) की कोई व्यवस्था नहीं है। मानसी ने बताया, “दादी ने जैसे ही लाइट का स्विच ऑन किया, गैस में आग लग गई और तेज धमाका हुआ।”

धमाके का असर इतना भयानक था कि ग्राउंड फ्लोर की सीढ़ियों पर लगी स्टील की रेलिंग उखड़ गई और पहली मंजिल की चारपाई तक उछलकर दूसरी मंजिल पर जा फँसी। सदर इंस्पेक्टर विजय विक्रम सिंह ने बताया कि बेसमेंट में सिलेंडर मिला है और आशंका है कि चूल्हे की नोज खुली रह गई थी। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुँचकर जाँच की है, लेकिन अभी अंतिम नतीजे पर नहीं पहुँची है।

Abhimanyu Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights