आगरा में गंदे पानी की सप्लाई: ट्रांस यमुना कॉलोनी में बदबूदार पानी से लोग परेशान
आगरा। आगरा के ट्रांस यमुना कॉलोनी के बी ब्लॉक में रविवार सुबह वाटर वर्क्स से गंदे और बदबूदार पानी की सप्लाई हुई। कई घंटों तक नलों से काले रंग का पानी आता रहा, जिससे लोग परेशान हो गए।
स्थानीय निवासी सुरेश शर्मा ने बताया कि सुबह जब उन्होंने मोटर चलाई, तो गंदा पानी आया। उन्हें लगा कि यह पाइपलाइन में रुका हुआ पानी हो सकता है। लेकिन, एक घंटे बाद जब उन्होंने दोबारा नल खोला, तो पानी और भी ज्यादा बदबूदार था।
एक अन्य निवासी कुसुम जैन ने बताया कि सुबह नाले जैसा पानी आ रहा था, और सुबह 10:30 बजे तक यही स्थिति रही। गंदे पानी के कारण लोग कोई भी घरेलू काम नहीं कर पाए। उन्हें नहाने के लिए हैंडपंप से पानी लाना पड़ा, और न तो बर्तन साफ हो पाए और न ही कपड़े धुल पाए।
बंटी कुमार ने बताया कि उन्होंने सुबह टंकी में गंदा पानी भर लिया था। जब उन्होंने कुल्ला किया, तो पानी से इतनी तेज बदबू आ रही थी कि उन्हें उल्टी हो गई। इस घटना ने क्षेत्र में स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ा दी है और लोगों ने जल संस्थान से जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है।