आगरा में आचार्य विमल सागर जी महाराज की जयंती पर निकली भव्य पालकी यात्रा
आगरा। आगरा के विजय क्लब, विजय नगर में आज आचार्य श्री 108 चैत्य सागर जी महाराज के सानिध्य में वात्सल्य रत्नाकर आचार्य श्री विमल सागर महाराज जी की जयंती बड़े ही धूमधाम से मनाई गई।
इस अवसर पर एक भव्य पालकी शोभायात्रा अतिशय क्षेत्र श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, नसिया जी मोतीलाल नेहरू से शुरू हुई। शोभायात्रा में श्रद्धालु किशोर बैंड की भक्तिमय धुनों पर नाचते-गाते हुए चल रहे थे। विभिन्न मार्गों से होते हुए यह यात्रा विजय क्लब पर समाप्त हुई, जहाँ जगह-जगह श्रद्धालुओं ने इसका भव्य स्वागत किया।
विजय क्लब में सबसे पहले विन्यांजलि सभा का आयोजन हुआ, जिसके बाद पूज्य आचार्य विमल सागर जी की प्रतिमा का पंचामृत अभिषेक किया गया। इस दौरान भारत भर से आए विमलभक्तों के साथ-साथ आगरा के प्रमुख जैन समाज के लोग भी मौजूद थे। आचार्य चैत्य सागर जी के सानिध्य में प्रतिमा का चंदन, केसर, आम और दूध से पंचामृत अभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने इसके बाद भव्य आरती भी की।
कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलन, पाद प्रक्षालन और शास्त्र भेंट भी किए गए। संगीतमय धुन के साथ पूजन हुआ और शांतिधारा का सौभाग्य भी श्रद्धालुओं को मिला। इस अवसर पर बाहर से आए हुए अतिथियों का सम्मान किया गया। इस पूरे आयोजन में आगरा दिगंबर जैन परिषद के पदाधिकारी और सकल जैन समाज के लोग मौजूद रहे।