Agra

फतेहपुर सीकरी में शातिर चोर गिरफ्तार, सोने-चांदी के आभूषण बरामद: हरियाणा से आकर देता था वारदात को अंजाम, बेटे फरार

आगरा। फतेहपुर सीकरी पुलिस ने नेशनल हाईवे आगरा-जयपुर मार्ग पर तेरह मोरी बांध के समीप चेकिंग के दौरान हरियाणा के एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।


चोरी के अनोखे तरीके का खुलासा, बेटों संग देता था वारदात को अंजाम

पकड़े गए अभियुक्त ने पूछताछ में अपना नाम रमेश पुत्र गिरधारी, निवासी अमरू थाना सदर, पलवल, हरियाणा बताया है। रमेश ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि वह अपने बेटों सतवीर और मनोज के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। उसके दोनों बेटे फिलहाल फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

रमेश ने बताया कि उनके चोरी करने का तरीका बेहद शातिराना था। वे दिन के समय अलग-अलग गांवों में घूमकर ऐसे मकानों की रेकी करते थे, जहां चोरी की जा सके। रात के समय वे ऐसी ट्रेन में सफर करते थे जो सिर्फ दो स्टेशनों पर रुकती थी। इसके बाद, वे दिन में चिन्हित किए गए मकानों के पास वाले स्टेशन पर उतरकर पैदल ही चोरी करने के लिए जाते थे। वारदात के दौरान उसके बेटे रखवाली करते थे।


बरामद हुए लाखों के आभूषण, पुलिस टीम को मिली सराहना

पुलिस द्वारा बरामद किए गए आभूषणों में आठ अंगूठी, एक चैन, लॉकेट, दो चूड़ी, माथे का टीका, मंगलसूत्र, गले का हार, नथ, सुई धागा, टॉप्स, नाक की वाली, बिछिया, खडुआ और पायजेब शामिल हैं, जिनकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

इस शातिर चोर को पकड़ने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर सिंह, अपराध निरीक्षक अरविंद कुमार तोमर, उप निरीक्षक सचिन कुमार (प्रभारी एसओजी), उप निरीक्षक अनुज कुमार (प्रभारी सर्विलांस), उप निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, सुधांशु बाजपेई, शुभम सिंह, मनोज नगर, उप निरीक्षक रजनीश, सोनू कुमार, आदित्य उमराव और कांस्टेबल गौरव राणा शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।

admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights