Headlines

आगरा में गुरु का ताल के पास भीषण हादसा: तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटर को मारी टक्कर, महिला की मौत, पति घायल

आगरा। आगरा के सिकंदरा स्थित गुरुद्वारा गुरु का ताल के पास मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटर पर सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति घायल हो गए। दंपती दयालबाग शिक्षण संस्थान में पढ़ रही अपनी बेटी से मिलकर घर लौट रहे थे। बेटी से मिलकर लौट रहे थे घर यह घटना दोपहर करीब 1:40 बजे की है। मथुरा के होली गेट निवासी बशीरुद्दीन अपनी पत्नी रुबीना (40) के साथ स्कूटर से दयालबाग में पढ़ रही अपनी बेटी अनम से मिलने आए थे। बेटी से मिलने के बाद वे वापस अपने घर जा रहे थे। गुरु का ताल पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रहे एक तेज गति के टैंकर ने उनके स्कूटर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से रुबीना स्कूटर से गिरकर टैंकर की चपेट में आ गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं, बशीरुद्दीन दूसरी तरफ जा गिरे और घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने टैंकर को रोककर चालक को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और घायल पति को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के कारण हाईवे पर करीब आधा किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसे हटाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। ब्लैक स्पॉट पर नहीं थम रहे हादसे यह हादसा एक बार फिर हाईवे पर रोड इंजीनियरिंग की कमी को उजागर करता है। एत्मादपुर से रुनकता तक का यह क्षेत्र कई बार लोगों की जान ले चुका है, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा के कोई खास इंतजाम नहीं किए गए हैं। इसके अलावा, आईएसबीटी से सिकंदरा तक चल रहे मेट्रो निर्माण कार्य के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे आए दिन जाम लगता है और वाहन चालक जल्दबाजी में गाड़ी निकालते हैं। इस अव्यवस्था के कारण हादसे का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

Read More
Verified by MonsterInsights