Headlines

स्वदेशी अभियान पर सपा सांसद का हमला: “PM 10 लाख का सूट पहनते हैं, खादी क्यों नहीं अपनाते?”

आगरा। समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद रामजीलाल सुमन ने भाजपा के ‘स्वदेशी अभियान’ को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोला है। गुरुवार को एचआईजी आवासीय सोसाइटी स्थित अपने आवास पर एक प्रेसवार्ता के दौरान सुमन ने कहा कि स्वदेशी की बात करने वाले नेता स्वयं महंगे विदेशी उत्पादों का इस्तेमाल कर रहे हैं। पीएम पर लगाए गंभीर आरोप रामजीलाल सुमन ने प्रधानमंत्री मोदी पर व्यक्तिगत हमला बोलते हुए कहा: “PM स्वदेशी की बात करते हैं और खुद 10 लाख का सूट पहनते हैं, दिन में चार बार कपड़े बदलते हैं, दुनिया का महंगा पैन, घड़ी और चश्मा लगाते हैं। आखिर आप किसको गुमराह करना चाहते हैं, क्या संदेश देना चाहते हैं?” सांसद ने आग्रह किया कि प्रधानमंत्री देश को उपदेश देने के बजाय स्वयं स्वदेशी का पालन करें। उन्होंने चुनौती दी: “ज्यादा तो नहीं, वे इतना ही तय कर दें कि उनकी पूरी पार्टी खादी पहने।” महात्मा गांधी का दिया उदाहरण सुमन ने कहा कि किसी भी बात का देशवासियों पर व्यापक असर तभी होता है, जब हमारा स्वयं का आचरण उस तरह का हो। उन्होंने महात्मा गांधी का उदाहरण देते हुए कहा कि राष्ट्रीय आंदोलन के दौरान गांधी ने गरीबी देखकर लंगोट धारण कर लिया था, जिससे प्रेरित होकर लोगों ने विदेशी कपड़ों की होली जलाई थी। उन्होंने कहा कि अगर नेता उस तरह का जीवन नहीं जीते हैं, तो उनकी बात का कोई असर नहीं होगा। उन्होंने भाजपा पर हमलावर होते हुए कहा: “स्वदेशी के नाम पर दिखावा हो रहा है, ये न्याय संगत नहीं है।” नीति पर उठाए सवाल: “चीन से आयात दोगुना” रामजीलाल सुमन ने सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार के पास कोई नीति नहीं है और “चीन से हमारा आयात दोगुना है।” ऐसे में हम कैसे आत्मनिर्भर बनने और अपने पैरों पर खड़ा होने की बात कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसी नीति बनानी चाहिए, जिससे हम दुनिया के बाजार पर निर्भर न रहें। आजम खान पर बयान: ‘सपा को मजबूती मिलेगी’ सपा नेता आजम खान के जेल से रिहा होने के सवाल पर रामजीलाल सुमन ने कहा कि उनके बाहर आने से सपा को मजबूती मिलेगी। उन्होंने आजम खान को सपा के संस्थापक सदस्यों में से एक बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खान का उत्पीड़न किया गया और उन पर अनावश्यक मुकदमे लगाए गए। उन्होंने कहा कि जब योगी सरकार उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के मुकदमे वापस ले सकती है, तो सपा की सरकार आने के बाद अखिलेश यादव क्यों नहीं आजम खान के मुकदमे वापस लेंगे? उन्होंने यह भी कहा कि “निश्चित रूप से जब हमारी सरकार आएगी तो आजम खान पर लगे सभी मुकदमों को वापस लिया जाएगा।”

Read More

आगरा में रक्षाबंधन का तोहफा: CM योगी ने लॉन्च की ‘अटलपुरम टाउनशिप’, 8 अगस्त से बुकिंग; 5 साल में मिलेगा कब्जा

आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरावासियों को रक्षाबंधन से पहले एक बड़ा तोहफा दिया है। मंगलवार को उन्होंने आगरा की महत्वाकांक्षी नई टाउनशिप ‘अटलपुरम’ का शिलान्यास किया। इस आवासीय योजना में भूखंड प्राप्त करने के लिए 8 अगस्त से ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो जाएगी, और भूखंड पर कब्जा रजिस्ट्री के बाद पांच साल में यानी मई 2030 तक या विकास कार्य पूर्ण होने पर दिया जाएगा। यह योजना लगभग 50 हजार लोगों को आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखती है। 2242 करोड़ की लागत से 340 एकड़ में विकसित होगी अटलपुरम ग्वालियर रोड स्थित ककुआ और भांडई में 138 हेक्टेयर यानी 340 एकड़ में विकसित होने वाली अटलपुरम टाउनशिप की कुल परियोजना लागत 2242 करोड़ रुपये है। इसमें जमीन खरीद पर 784 करोड़, आंतरिक और बाह्य विकास पर 731 करोड़, तथा ओवरहेड खर्च, आकस्मिक व्यय और ब्याज आदि पर 727 करोड़ रुपये खर्च होंगे। 8 अगस्त से ऑनलाइन पंजीकरण, लॉटरी से मिलेंगे भूखंड आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) उपाध्यक्ष एम अरुन्मोली के अनुसार, आवासीय भूखंड के लिए 29,500 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर तय की गई है। भूखंड खरीद के लिए केवल ऑनलाइन पंजीकरण मान्य होंगे। ग्रुप हाउसिंग और व्यावसायिक भूखंडों की होगी ई-नीलामी अटलपुरम टाउनशिप में आवासीय भूखंडों के अलावा 96 व्यावसायिक और 18 ग्रुप हाउसिंग भूखंड भी हैं। आवेदन और भुगतान के महत्वपूर्ण नियम व शर्तें भूखंड खरीद के बाद भुगतान प्रक्रिया: यह योजना आगरा में आवास की बढ़ती मांग को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और शहर के विकास को गति प्रदान करेगी।

Read More

सीएम योगी की ‘बाबूलाल’ पर तीसरी चुटकी: “अब तो रिटायरमेंट की ओर हैं आप!” – फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर के बढ़ते कद से जोड़कर देखे जा रहे हैं सियासी मायने

आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंगलवार को आगरा दौरे में विकास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ उनके हास्य-विनोद का अंदाज भी देखने को मिला, लेकिन इस बार उनकी चुटकी के पीछे गहरे सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। मंडलीय समीक्षा बैठक के दौरान सीएम योगी ने फतेहपुर सीकरी विधानसभा के विधायक चौधरी बाबूलाल पर फिर से चुटकी लेते हुए कहा, “बाबूलाल जी अब तो आप रिटायरमेंट की ओर हो…अब क्या करोगे।” यह पिछले एक साल में तीसरी बार है जब मुख्यमंत्री ने विधायक बाबूलाल पर इस तरह की टिप्पणी की है, जिसे अब फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर के प्रदेश और देश की राजनीति में बढ़ते कद से जोड़कर देखा जा रहा है। जब सीएम ने विधायकों का हालचाल लिया और बाबूलाल पर पड़ी नजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को मंडलायुक्त सभागार में विकास के विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की संयुक्त बैठक में शामिल हुए। बैठक में पहुंचने के बाद सीएम योगी ने वहां मौजूद सभी विधायकों का हालचाल लेना शुरू किया। उसी दौरान उनकी नजर फतेहपुर सीकरी से भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल पर पड़ी। सीएम रुके, मुस्कुराए और कहा, “बाबूलाल जी अब तो आप रिटायरमेंट की ओर हो।” मुख्यमंत्री की इस चुटकी पर अन्य विधायकों की हंसी छूट गई, और सीएम योगी भी मुस्कुरा दिए। पिछले एक साल में तीसरी बार मिला ‘सीएम का कटाक्ष’ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विधायक चौधरी बाबूलाल पर यह कोई पहली टिप्पणी नहीं है। लोकसभा चुनाव के बाद से यह तीसरा मौका है, जब सीएम योगी ने मजाकिया अंदाज में बाबूलाल को निशाना बनाया है: सियासी गलियारों में चर्चा तेज: क्या बाग़ी तेवर का नतीजा है यह? मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस तीसरी चुटकी के गहरे सियासी मायने निकाले जा रहे हैं, खासकर फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव के संदर्भ में। सूत्रों के अनुसार, जब कोई भाजपा में एक बार बागी तेवर दिखाता है तो संगठन भी सतर्क हो जाता है, और उन्हें कई पार्टी कार्यक्रमों में नहीं बुलाया जाता। जानकारों का मानना है कि सांसद राजकुमार चाहर का प्रदेश और देश की राजनीति में कद इतना बढ़ गया है कि उनके खिलाफ जाने वाले को इसका ‘परिणाम’ भुगतना पड़ सकता है। हाल ही में हुए जिलाध्यक्ष की दौड़ में भी सांसद चाहर के समर्थित उम्मीदवार को ही पद प्राप्त हुआ था, जो उनके बढ़ते प्रभाव का एक और संकेत है। राजनीतिक पंडितों का मानना है कि ‘रिटायरमेंट’ का यह शब्द वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है, और यह टिप्पणी बाबूलाल के भविष्य की राजनीतिक भूमिका या पार्टी के संभावित फैसलों की ओर एक सूक्ष्म इशारा हो सकती है। यह देखना दिलचस्प होगा कि इस ‘मजाकिया संदेश’ का आगामी राजनीति पर क्या असर पड़ता है।

Read More

सीएम योगी के आगरा दौरे में दिखा ‘अफसरों का दौड़’ और ‘जनप्रतिनिधियों की सतर्कता’: मंडलायुक्त शैलेंद्र सिंह ने काफिले संग लगाई दौड़, पौधरोपण टला, राजेश्वर मंदिर पर भी हुई बात

आगरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मंगलवार को आगरा दौरा कई मायनों में अहम रहा। उन्होंने जहां एक ओर मंडल के सभी जिलों के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विकास कार्यों की गहन समीक्षा की और महत्वाकांक्षी ‘अटलपुरम् टाउनशिप’ योजना का शुभारंभ किया, वहीं दूसरी ओर उनके दौरे ने अफसरों की कार्यशैली और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकताओं को भी खुलकर सामने ला दिया। सीएम के जाने के समय मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह का उनके काफिले के साथ दौड़ लगाना और राजेश्वर महादेव मंदिर का मुद्दा उठना दिनभर चर्चा का विषय बना रहा। अटलपुरम् टाउनशिप का भव्य शुभारंभ: 1515 करोड़ की लागत से बनेगा नया शहर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को खेरिया हवाई अड्डे पर पहुंचे और सीधे सर्किट हाउस जाने के बाद मंडलायुक्त कार्यालय में समीक्षा बैठक में शामिल हुए। इस दौरे का एक प्रमुख आकर्षण आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) की 36 वर्षों बाद साकार हो रही ‘अटलपुरम् टाउनशिप’ योजना का शुभारंभ रहा। सीएम ने शिलापट्ट अनावरण कर इस नवीन टाउनशिप का औपचारिक उद्घाटन किया। एडीए उपाध्यक्ष एम अरुन्मोली ने मुख्यमंत्री को बताया कि लगभग 1515.47 करोड़ रुपये की कुल संभावित लागत से करीब 340 एकड़ (लगभग 138.00 हेक्टेयर) में यह टाउनशिप विकसित की जाएगी। इसमें 1430 आवासीय भूखंड, 18 ग्रुप हाउसिंग भूखंड और 96 अनावासीय भूखंड (जैसे व्यावसायिक भूखंड, स्वास्थ्य केंद्र, शैक्षणिक सुविधाएं, सामुदायिक सुविधाएं, बैंक्वेट हॉल, होटल, डाकघर/बैंक सुविधा) नियोजित किए गए हैं। इसके अलावा, योजना में अग्निश सुरक्षा के लिए फायर स्टेशन और सुरक्षा व्यवस्था के लिए आवासीय परिसर के साथ-साथ पुलिस चौकी भूखंड की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। यह टाउनशिप आगरा के शहरी विस्तार में एक मील का पत्थर साबित होने की उम्मीद है। विकास कार्यों की समीक्षा और सीएम के कड़े निर्देश: गड्ढामुक्ति से जलभराव तक मुख्यमंत्री ने आगरा मंडल के मंत्रियों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ विकास कार्यों से संबंधित मंडलीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, पर्यटन विभाग, नगर विकास विभाग और धर्मार्थ कार्य विभागों की प्रगति, कार्ययोजना एवं प्रस्तावित कार्यों की बारीकी से समीक्षा की। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव अजय चौहान, नगर विकास के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात और पर्यटन, संस्कृति व धर्मार्थ के प्रमुख सचिव मुकेश मेश्राम ने विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया। सीएम योगी ने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण और सख्त निर्देश दिए: पर्यटन विभाग ने प्रेजेंटेशन में बताया कि आगरा मंडल में पर्यटन विकास के लिए 590 करोड़ रुपये की 160 परियोजनाएं चल रही हैं, जिसमें से 379 करोड़ रुपये अवमुक्त हुए हैं। 92 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं और 68 पर काम चल रहा है। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने अवैध धर्मांतरण व अपराध से संबंधित ‘मिशन अस्मिता अभियान’ पर आगरा पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई का प्रेजेंटेशन भी दिया। सीएम की ‘चुटकियाँ’ और राजेश्वर मंदिर पर ‘प्रेशर पॉलिटिक्स’ बैठक के दौरान कुछ हल्के-फुल्के पल भी आए। जब सीएम योगी एक-एक जनप्रतिनिधि से उनके प्रस्तावों पर चर्चा कर रहे थे, तभी फतेहपुर सीकरी के विधायक चौधरी बाबूलाल का नंबर आया। सीएम ने उनसे चुटकी लेते हुए कहा, “बाबूलाल जी अब तो आप रिटायरमेंट की ओर हो…अब क्या करोगे।” इस पर बैठक में हल्की हंसी भी गूंजी। वहीं, आगरा में इन दिनों छावनी विधानसभा क्षेत्र के राजेश्वर महादेव मंदिर का मुद्दा काफी गर्माया हुआ है। मंदिर प्रशासन और क्षेत्रीय जनता ने क्षेत्रीय विधायक डॉ. जीएस धर्मेश पर इस प्राचीन मंदिर के विकास के लिए कोई काम न करने का आरोप लगाया था, जिस पर एक पंचायत भी हुई थी। इस मुद्दे को लेकर जनता में विधायक के प्रति नाराजगी है। जब सीएम योगी आदित्यनाथ की बैठक खत्म हुई और यूपी के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री व आगरा के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह मीडिया को जानकारी दे रहे थे, तब विधायक डॉ. जीएस धर्मेश बार-बार उनसे राजेश्वर मंदिर के बारे में भी बताने का अनुरोध करते दिखे। पर्यटन मंत्री ने मीडिया को आश्वस्त किया कि विधायक की ओर से राजेश्वर मंदिर के विकास के लिए प्रस्ताव दिया गया है और इसे शामिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश स्पष्ट हैं और श्री राजेश्वर महादेव मंदिर का विकास तेजी से कराया जाएगा। पौधरोपण कार्यक्रम टला, कमिश्नर ने काफिले संग लगाई दौड़ सीएम योगी आदित्यनाथ का दौरा भले ही विकास पर केंद्रित रहा हो, लेकिन एक बात जो सभी ने गौर की, वह यह कि बैठक खत्म करने के बाद मुख्यमंत्री बिना पौधरोपण किए ही सीधे खेरिया हवाई अड्डे के लिए रवाना हो गए। अमूमन मुख्यमंत्री के ऐसे दौरों में पौधरोपण एक नियमित कार्यक्रम होता है, लेकिन इस बार इसे टाल दिया गया। सबसे रोचक और ध्यान खींचने वाला दृश्य तब सामने आया जब मुख्यमंत्री अपनी गाड़ी में एयरपोर्ट जाने के लिए बैठ रहे थे। उसी वक्त आगरा मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह अपनी गाड़ी तक पहुंचने के लिए मुख्यमंत्री के काफिले के साथ दौड़ लगाते हुए दिखे। यह दृश्य दिखाता है कि मुख्यमंत्री की कार्यशैली को लेकर अधिकारियों में कितनी मुस्तैदी और प्रोटोकॉल के पालन को लेकर कितनी गंभीरता है। कुल मिलाकर, सीएम योगी का यह आगरा दौरा विकास कार्यों की समीक्षा, नए प्रोजेक्ट्स की शुरुआत और अधिकारियों-जनप्रतिनिधियों को जनता के प्रति जवाबदेही का स्पष्ट संदेश देने वाला रहा।

Read More

आ रहे हैं UP के ‘बॉस’ आगरा! CM योगी 5 अगस्त को करेंगे अटलपुरम का शुभारंभ, शहर में रहेंगे 3 घंटे; विकास कार्यों की लेंगे समीक्षा

आगरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 5 अगस्त को आगरा आ रहे हैं। इस दौरान वे आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) की महत्वाकांक्षी अटलपुरम टाउनशिप का शुभारंभ करेंगे और शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा बैठक भी लेंगे। मुख्यमंत्री आगरा में करीब 3 घंटे रहेंगे, जिसके लिए सभी विभागों ने अपनी-अपनी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट तैयार करना शुरू कर दिया है। मंडलायुक्त कार्यालय में समीक्षा बैठक, ADA ने कसी कमर जिला मजिस्ट्रेट (DM) अरविंद मल्लप्पा बंगारी के अनुसार, CM योगी मंडलायुक्त कार्यालय के सभागार में मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। साथ ही, ADA की प्रस्तावित अटल पुरम योजना को लॉन्च करेंगे। ADA के अधिकारियों ने इस लॉन्चिंग की तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू कर दी हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, CM योगी 5 अगस्त की सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक आगरा में रहेंगे। इस दौरान वे मंडलायुक्त सभागार में लोक निर्माण विभाग, पर्यटन, नगर निगम, सेतु निगम और मेट्रो परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। अधिकारी अपनी फाइलें और प्रेजेंटेशन तैयार करने में जुटे हैं। बारिश ने बढ़ाई चिंता, जलभराव से निपटने की तैयारी मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन की चिंताएं भी बढ़ गई हैं, खासकर लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट ने। सबसे बड़ी चिंता एयरपोर्ट से मंडलायुक्त सभागार तक जाने वाले मार्ग पर जलभराव की है। गुरुवार को हुई तेज बारिश में यहां नाव चलने तक की नौबत आ गई थी और कई वाहन आधे डूब गए थे। CM का काफिला इसी रास्ते से गुजरना है, जिसके मद्देनजर नगर निगम ने जलभराव से निपटने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। 138 हेक्टेयर में बस रहा ‘अटल पुरम’ ADA ग्वालियर रोड स्थित ककुआ-भांडई पर लगभग 138 हेक्टेयर जमीन पर आवासीय योजना अटल पुरम विकसित कर रहा है। यह योजना तीन चरणों में विकसित होगी। इसकी लॉन्चिंग के लिए अधिकारी लंबे समय से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का समय मांग रहे थे और लखनऊ में वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार संपर्क में थे। मुख्यमंत्री का यह दौरा आगरा के विकास कार्यों को गति देने और नई परियोजनाओं को हरी झंडी दिखाने के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Read More
Verified by MonsterInsights