आगरा: चीता मोबाइल सिपाही से धक्का-मुक्की, चौकी में घुसकर पिस्टल छीनने की कोशिश; दो गिरफ्तार
आगरा। आगरा में कानून के रखवालों पर हमले का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। थाना सिकंदरा क्षेत्र में चीता मोबाइल पर तैनात एक सिपाही से युवक-युवती ने न केवल धक्का-मुक्की और मारपीट की, बल्कि बाद में पुलिस चौकी में घुसकर उसकी सरकारी पिस्टल छीनने की कोशिश भी की। सिपाही की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
नशेड़ी को हटाने पर शुरू हुआ विवाद
सिकंदरा थाने के सिपाही नितिन कुमार अपनी चीता मोबाइल ड्यूटी के दौरान गश्त कर रहे थे। प्राची टावर चौकी क्षेत्र में विजन लाइब्रेरी के सामने सड़क पर एक व्यक्ति शराब के नशे में पड़ा था। जब सिपाही नितिन उसे किनारे कर रहे थे, तभी बाइक से कान्हा उर्फ सत्यप्रकाश और मोहिनी मिश्रा वहाँ पहुँचे।
बताया जा रहा है कि युवक-युवती ने सिपाही से सड़क पर पड़े व्यक्ति को हटाने का कारण पूछा, जिस पर सिपाही की उनसे कहासुनी हो गई। सिपाही का आरोप है कि कहासुनी के बाद युवक-युवती गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। शोर सुनकर विजन लाइब्रेरी के संचालक और छात्र बाहर आए और बीच-बचाव कर सिपाही को बचाया।
चौकी में घुसकर छीनी पिस्टल
विवाद बढ़ने के बाद सिपाही नितिन कुमार प्राची टावर पुलिस चौकी पहुँचे। लेकिन, आरोपी युवक-युवती भी उनका पीछा करते हुए पुलिस चौकी पहुँच गए। सिपाही का आरोप है कि चौकी में घुसकर दोनों आरोपियों ने उनसे सरकारी पिस्टल छीनने की कोशिश की।
इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सिपाही नितिन कुमार की तहरीर पर दोनों आरोपी कान्हा उर्फ सत्यप्रकाश और मोहिनी मिश्रा के खिलाफ सिकंदरा थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सरकारी ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी पर हमला और पिस्टल छीनने की कोशिश जैसे गंभीर कृत्य पर पुलिस ने सख्ती से कार्रवाई की है।
