Agra

आगरा: ट्रांस यमुना में घर के सिलेंडर में लगी भीषण आग, गृहस्थी का सामान जला


आगरा। आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के 100 फुटा रोड पर स्थित एक मकान में बुधवार को घरेलू सिलेंडर में आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन इस घटना में घर का काफी सामान जलकर राख हो गया।

यह घटना टेढ़ी बगिया के प्रकाश पुरम में रहने वाले 50 वर्षीय भगवान दास के दो मंजिला मकान में हुई। उनके बेटे अमित का परिवार मकान की दूसरी मंजिल पर रहता है। बताया गया कि सुबह खाना बनाने के दौरान सिलेंडर खत्म होने पर नया सिलेंडर लगाया गया। नया सिलेंडर लगाते ही रेगुलेटर से गैस का तेज रिसाव होने लगा। अमित की बहू ने जैसे ही चूल्हा जलाने के लिए गैस ऑन की, चूल्हे में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते आग सिलेंडर तक पहुंच गई।

आग लगते ही घरवाले चीखते हुए बाहर भागे। पूरे मोहल्ले के लोग मौके पर जमा हो गए और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम लगभग आधे घंटे में मौके पर पहुँची और पड़ोसियों की मदद से समय रहते आग पर काबू पा लिया।

इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन आग से गृहस्थी का कुछ सामान जल गया। मौके पर पुलिस भी पहुँच गई थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि गैस की तेज गंध पूरे इलाके में फैल गई थी। जली हुई संपत्ति के नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

फायर ब्रिगेड ने आधे घंटे में आग पर काबू पाया
मौके पर पुलिस भी पहुंच गई थी
Abhimanyu Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights