आगरा: फतेहाबाद में एसडीएम ने की साधन सहकारी समिति का निरीक्षण, लापरवाही पर जताई नाराजगी
आगरा। फतेहाबाद में एसडीएम स्वाति शर्मा ने शमशाबाद के साधन सहकारी समिति सिकतरा का औचक निरीक्षण किया। शनिवार दोपहर को निरीक्षण की पूर्व सूचना देने के बावजूद समिति में ताला लगा मिला। इसके साथ ही, नोटिस बोर्ड पर भी सूचनाएं सही तरीके से दर्ज नहीं थीं, जिस पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताई।
इस लापरवाही को देखते हुए, एसडीएम ने समिति के जिम्मेदार अधिकारियों को सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ सोमवार को अपने कार्यालय में बुलाया है।
एसडीएम ने यह भी बताया कि साधन सहकारी समिति जरौली भी पिछले 6 महीने से बंद पड़ी है। इस समस्या के समाधान के लिए कृषि विभाग और उच्च अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस समिति को भी जल्द ही शुरू कराया जाएगा ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान, एसडीएम ने शमशाबाद कस्बे में खाद की दुकानों का भी जायजा लिया। कुछ दुकानें बंद पाई गईं। एसडीएम ने सभी दुकानदारों से अपील की है कि वे किसानों को निर्धारित दरों पर ही खाद-बीज बेचें।