आगरा में श्रीरामलीला महोत्सव का पोस्टर विमोचन, 22 सितंबर से होगा आयोजन
आगरा। आगरा के ग्रामीण अंचल में रामभक्ति की अलख जगाने वाले 11 दिवसीय श्रीरामलीला महोत्सव 2025 का पोस्टर शुक्रवार को श्रीमनकामेश्वर मंदिर, रावत पाड़ा में श्रद्धा के साथ विमोचित किया गया। यह महोत्सव 22 सितंबर से 3 अक्टूबर तक शमशाबाद के दिगनेर गांव स्थित गढ़ी ईश्वरा में आयोजित होगा।
मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत 22 सितंबर को सुबह 6 बजे यज्ञ, हवन और दुर्गा सप्तशती पाठ के साथ होगी। मध्यप्रदेश से आए पाँच आचार्य प्रतिदिन यज्ञ करेंगे, जबकि संध्याकाल में रुद्राभिषेक और पाषाण प्रतिमाओं का श्रृंगार किया जाएगा। मथुरा के वृंदावन से आई किशोरी रासलीला मंडली प्रतिदिन शाम 6 बजे से लीला मंचन करेगी।
भव्य श्रीराम बारात और नारी सशक्तिकरण का संदेश
महोत्सव की तैयारियां पूरे गांव में जोर-शोर से चल रही हैं, जिसमें रंगाई-पुताई, रंगोली और स्वागत द्वारों से पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल है। 26 सितंबर को भव्य श्रीराम बारात निकाली जाएगी, जिसमें 24 से अधिक झांकियां होंगी। महंत योगेश पुरी स्वयं विश्वामित्र के स्वरूप में शोभायात्रा में शामिल होंगे। इसके अलावा, इंटरनेशनल ताइक्वांडो मास्टर पंकज शर्मा के निर्देशन में बालिकाएं नारी सशक्तिकरण का संदेश देती हुई अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी।

निःशुल्क बस सेवा और गंगा स्नान
महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्रवण गंगा समिति द्वारा निःशुल्क बस सेवा चलाई जाएगी। पूर्णिमा के अवसर पर सोरों में गंगा स्नान के लिए भी विशेष बसों की व्यवस्था की गई है। पोस्टर विमोचन के अवसर पर रौनक गुप्ता, आदेश सिंघल, लक्ष्मीकांत राजावत, शिवम शर्मा (पीएल पैलेस), कुमकुम गुप्ता समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Also Read: – शिक्षक MLC चुनाव: कांग्रेस ने आगरा और मेरठ सीट पर घोषित किए कॉर्डिनेटर
संपादन: अभिमन्यु सिंह | abhimanyusingh@todayexpress.in