Agra

मुंशी के पैसे चोरी…अपने ही थाने में सुनवाई नहीं हुई:पुलिस आयुक्त से शिकायत के बाद 7 दिन बाद FIR


आगरा। आगरा में अब आम लोग ही नहीं, पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं हैं। थाना ट्रांस यमुना की पहली मंजिल पर बने सरकारी आवास में एक चोर ने मुंशी का पर्स चुरा लिया और उनके बैंक खाते से 45 हजार रुपये निकाल लिए। हैरान करने वाली बात यह है कि पुलिसकर्मी को अपने ही थाने में शिकायत दर्ज कराने के लिए 7 दिन तक इंतजार करना पड़ा।

आरक्षी कुशल पाल चौधरी, जो ट्रांस यमुना थाने में मुंशी हैं, 7 सितंबर की सुबह ड्यूटी खत्म करने के बाद अपने आवास में आराम करने गए थे। जब उनकी नींद खुली, तो उन्होंने देखा कि उनकी पैंट से पर्स गायब था। पर्स में 3 हजार रुपये नकद और डेबिट कार्ड सहित कई जरूरी दस्तावेज थे। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज देखी, जिसमें एक युवक उनके कमरे से बैग लेकर निकलता हुआ दिखाई दिया।

जब मुंशी ने थानेदार रोहित कुमार से शिकायत की, तो केस दर्ज नहीं किया गया। इसी बीच, चोर ने उनके खाते से रामबाग के एटीएम से 25 हजार रुपये और भगवान टॉकीज के एटीएम से 20 हजार रुपये निकाल लिए। थक-हारकर मुंशी ने पुलिस आयुक्त से गुहार लगाई, जिसके बाद 7 दिन बाद जाकर केस दर्ज हुआ।

एसीपी छत्ता पीयूष कांत राय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि अगर किसी और पुलिसकर्मी के आवास में भी चोरी हुई होगी, तो उसे भी इस मामले में शामिल किया जाएगा।

Abhimanyu Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights