आगरा। आगरा में ऑटो में सवार यात्री से लूट करने वाले एक गैंग के तीन आरोपियों को गुरुवार रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के घेरने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसीपी हरीपर्वत अक्षय संजय महाडिक ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सचिन, छोटू और तुषार के रूप में हुई है। पुलिस टीम प्राक्षी टावर क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी, तभी ये तीनों एक ऑटो में आते दिखाई दिए। जब पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सचिन और छोटू उर्फ मुदस्सिर के पैर में गोली लगी और वे घायल हो गए।
पुलिस ने उनके पास से एक ऑटो, दो तमंचे और 2450 रुपए नकद बरामद किए हैं।

ये आरोपी आवास विकास कॉलोनी के एक युवक से लूट की वारदात में शामिल थे। पीड़ित युवक सोमवार रात करीब 1 बजे रामबाग से गुरुद्वारा गुरु का ताल जाने के लिए ऑटो में बैठा था। रास्ते में आरोपियों ने उससे छह हजार रुपए लूट लिए और उसे गला दबाकर हाईवे पर चलती ऑटो से फेंककर फरार हो गए थे।
