AGRA के अकोला के नगला परमाल में डीएपी खाद के लिए लाइन में लगे 27 वर्षीय किसान पुत्र जयदेव की मौत के बाद भाजपा किसान नेता मोहन सिंह चाहर उनके घर पहुँचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और इस दुखद घटना के लिए प्रशासन की संवेदनहीनता पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।
यह घटना गुरुवार को हुई, जब किसान जयपाल सिंह चाहर के बेटे जयदेव अकोला सहकारी समिति पर डीएपी खाद लेने के लिए तीन दिनों से चक्कर लगा रहे थे। इसी दौरान उन्हें चक्कर आए और वे गिर पड़े। परिवार के लोग उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन दुर्भाग्य से उन्हें बचाया नहीं जा सका।
मोहन सिंह चाहर ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अभी तक एसडीएम सदर ने मृतक परिवार को सांत्वना देने तक का कष्ट नहीं किया। उन्होंने घोषणा की कि वे शनिवार को जिलाधिकारी से मिलकर इस मामले की शिकायत करेंगे और प्रशासन की लापरवाही से अवगत कराएंगे।
किसान नेता चाहर ने प्रशासन से मांग की है कि मृतक परिवार को किसान बीमा के तहत 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। इस दौरान उनके साथ भीष्मपाल सोलंकी, रतन सिंह और केशवदेव शर्मा सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
