आगरा में तेंदुए की दहशत: फतेहबाद के धरियाई गांव में रात भर पहरा देने को मजबूर ग्रामीण

आगरा। आगरा के फतेहाबाद तहसील के निबोहरा क्षेत्र में स्थित धरियाई गांव में एक अज्ञात जंगली जानवर के कारण दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का दावा है कि उन्होंने रात में एक तेंदुए जैसा जानवर देखा है, जिससे डरकर वे अब रात में लाठियां लेकर पहरा देने को मजबूर हैं। गांव के एक निवासी ब्रह्मचारी ने बताया कि शुक्रवार रात वह अपने घर के बाहर चारपाई पर लेटे थे, तभी उन्हें एक जानवर अपनी ओर आता दिखा, जो देखने में तेंदुए जैसा लग रहा था। उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। ग्रामीणों का कहना है कि इस जानवर के कारण न सिर्फ इंसानों बल्कि मवेशियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है। ग्रामीण सत्यवीर सिंह ने बताया कि डर के मारे शाम होते ही बच्चों को घर से बाहर नहीं जाने दिया जाता। यह जानवर अक्सर रात के अंधेरे में गांव के आसपास दिखाई देता है। ग्रामीण बारी-बारी से रात में जागकर गांव की रखवाली कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से जल्द से जल्द इस जानवर को पकड़ने की मांग की है। इस संबंध में, वन विभाग के रेंजर ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि गांव में एक टीम भेजी जा रही है। टीम जानवर की पहचान कर उसे पकड़ने या जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास करेगी। उन्होंने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील भी की है।

आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में तेंदुआ देखे जाने से दहशत, CCTV फुटेज में कुत्ते पर हमला करता दिखा जानवर

आगरा। आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में एक तेंदुआ देखे जाने से हड़कंप मच गया है। एक सीसीटीवी फुटेज में एक तेंदुआ एक पालतू कुत्ते पर हमला करता हुआ दिखाई दे रहा है। हमले में घायल कुत्ते का इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद से हाईवे के पास की कॉलोनी के लोग दहशत में हैं और घरों में कैद रहने को मजबूर हैं। वन विभाग रेंज ऑफिसर कृपा शंकर ने बताया कि अभी तक ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया था, लेकिन अब विभाग पूरी तरह सतर्क है। टीम इस बात की पुष्टि करने में जुटी है कि सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा जानवर तेंदुआ ही है या कोई और। हालांकि, वीडियो में जानवर एक कुत्ते पर हमला करता साफ दिख रहा है। तेंदुए के देखे जाने की खबर के बाद से वन विभाग की टीम अलर्ट पर है। दो दिनों से लगातार कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें अधिकारी और कर्मचारी रात में भी डेरा डाले हुए हैं। वन विभाग की टीम स्थानीय लोगों द्वारा बताए गए तेंदुए को पकड़ने की कोशिश कर रही है।

Verified by MonsterInsights