आगरा मेट्रो यात्रियों के लिए खुशखबरी: रेलवे और बस स्टेशन तक पहुंचने के लिए बनेंगे 8 फुटओवर ब्रिज
आगरा। आगरा मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों को अब रेलवे स्टेशन या बस स्टैंड तक पहुंचने के लिए सड़कों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) ने एक बड़ा फैसला लेते हुए 8 फुटओवर ब्रिज (FOB) बनाने की घोषणा की है, जो सीधे मेट्रो स्टेशनों को इन प्रमुख परिवहन केंद्रों से जोड़ेंगे। इस कदम से यात्रियों को सड़क पार करने की दिक्कत से निजात मिलेगी। कहां-कहां बनेंगे फुटओवर ब्रिज? ये फुटओवर ब्रिज पहले और दूसरे कॉरिडोर के प्रमुख स्टेशनों पर बनाए जाएंगे। अक्टूबर से चलेगी ताजमहल से आरबीएस तक मेट्रो आगरा मेट्रो का पहला कॉरिडोर ताजमहल के पूर्वी गेट से सिकंदरा तक और दूसरा कालिंदी विहार से आगरा कैंट तक तैयार किया जा रहा है। फिलहाल मेट्रो का संचालन ताज ईस्ट गेट से मन:कामेश्वर मंदिर तक हो रहा है। इसके आगे के स्टेशन, मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा मंडी और आरबीएस कॉलेज का सिविल वर्क पूरा हो चुका है। उम्मीद है कि अक्टूबर तक ताज ईस्ट गेट से आरबीएस कॉलेज तक मेट्रो का संचालन शुरू हो जाएगा। फिलहाल, मेट्रो में यात्रियों की संख्या कम है, लेकिन अधिकारियों को उम्मीद है कि जब पहले कॉरिडोर का काम पूरा हो जाएगा और यात्री सीधे प्रमुख स्टेशनों से जुड़ पाएंगे, तो मेट्रो की सवारी करने वालों की संख्या में काफी बढ़ोतरी होगी।