आगरा: फतेहाबाद में तेंदुए का आतंक, ग्रामीणों ने आतिशबाजी कर भगाया

आगरा। आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र के निबोहरा थाना अंतर्गत गाँव धरियाई रामपुर में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। शनिवार शाम करीब 6 बजे गाँव की एक महिला कस्तूरी देवी जब खेतों में चारा लेने गई थीं, तो उन्हें झाड़ियों में तेंदुए की आहट महसूस हुई। तेंदुए को देखते ही कस्तूरी देवी तुरंत अपने घर की ओर भागीं और शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे ग्रामीण भी मौके पर पहुँच गए। ग्रामीणों ने मिलकर तेंदुए की तलाश शुरू की और उसे डराने के लिए जमकर आतिशबाजी की। पटाखों की आवाज सुनकर तेंदुआ जंगल की तरफ भाग गया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से गाँव के आसपास तेंदुए को देखा जा रहा है। इस घटना के बाद से गाँव में डर का माहौल है। ग्रामीण अब सतर्क हैं और शाम होते ही घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।

आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में तेंदुआ देखे जाने से दहशत, CCTV फुटेज में कुत्ते पर हमला करता दिखा जानवर

आगरा। आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में एक तेंदुआ देखे जाने से हड़कंप मच गया है। एक सीसीटीवी फुटेज में एक तेंदुआ एक पालतू कुत्ते पर हमला करता हुआ दिखाई दे रहा है। हमले में घायल कुत्ते का इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद से हाईवे के पास की कॉलोनी के लोग दहशत में हैं और घरों में कैद रहने को मजबूर हैं। वन विभाग रेंज ऑफिसर कृपा शंकर ने बताया कि अभी तक ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया था, लेकिन अब विभाग पूरी तरह सतर्क है। टीम इस बात की पुष्टि करने में जुटी है कि सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा जानवर तेंदुआ ही है या कोई और। हालांकि, वीडियो में जानवर एक कुत्ते पर हमला करता साफ दिख रहा है। तेंदुए के देखे जाने की खबर के बाद से वन विभाग की टीम अलर्ट पर है। दो दिनों से लगातार कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें अधिकारी और कर्मचारी रात में भी डेरा डाले हुए हैं। वन विभाग की टीम स्थानीय लोगों द्वारा बताए गए तेंदुए को पकड़ने की कोशिश कर रही है।

Verified by MonsterInsights