आगरा: एमजी रोड पर प्रतिबंधित वाहनों के खिलाफ पुलिस का अभियान, 25 वाहन सीज

पुलिस Ne Pakde Auto

आगरा। आगरा के एमजी रोड पर यातायात को सुगम बनाने के लिए पुलिस ने एक बड़ा अभियान शुरू किया है। 20 और 21 सितंबर की रात को, थाना नाई की मंडी पुलिस टीम ने एमजी रोड पर प्रतिबंधित वाहनों की सघन चेकिंग की, जिसमें 25 वाहन सीज किए गए। यह कार्रवाई एमजी रोड पर लगातार बन रहे जाम की समस्या को देखते हुए की गई है। पुलिस के अनुसार, ई-रिक्शा और थ्री-व्हीलर ऑटो जैसे प्रतिबंधित वाहनों के चलने से यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही थी। पुलिस ने इन वाहनों के चालकों को सख्त हिदायत देते हुए शपथ दिलाई है कि वे अगले आदेश तक एमजी रोड पर प्रतिबंधित वाहन नहीं चलाएंगे। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि कोई भी चालक इस आदेश का उल्लंघन करता हुआ पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सभी वाहन चालकों और स्वामियों से सहयोग की अपील की है ताकि एमजी रोड पर सुचारू यातायात सुनिश्चित किया जा सके।

आगरा: एमजी रोड पर जाम से निजात के लिए बड़ा अभियान, हटाए जा रहे पोल और ट्रांसफार्मर

आगरा। आगरा के एमजी रोड पर लंबे समय से चले आ रहे भीषण जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए बड़े प्रयास शुरू हो गए हैं। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार द्वारा ली गई बैठक के बाद, एमजी रोड पर सड़क चौड़ी करने, अनावश्यक पोल हटाने और मेट्रो की बैरिकेडिंग हटाने का काम शुरू हो गया है। एमजी रोड पर ट्रैफिक को सुगम बनाने के लिए ई-रिक्शा और ऑटो को पहले ही प्रतिबंधित किया जा चुका है। अब मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर का काम जहां-जहां पूरा हो गया है, वहाँ से बैरिकेडिंग हटाई जा रही है। ट्रैफिक पुलिस ने इस संबंध में मेट्रो अधिकारियों को पत्र भी लिखा था। इसके साथ ही, सड़क के किनारे लगे अनावश्यक पोल और ट्रांसफार्मर भी हटाए जा रहे हैं। सुभाष पार्क से सेंट जोंस की तरफ आने वाले रोड पर फुटपाथ को चौड़ा किया जा रहा है और सड़क किनारे से 10 पोल हटा दिए गए हैं। इसके अलावा, दो ट्रांसफार्मर भी शिफ्ट कर दिए गए हैं। डीएम आवास के सामने काम पूरा होने पर बैरिकेडिंग हटाकर सड़क को सुगम बनाया जा रहा है।

Verified by MonsterInsights