आगरा। आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के पूरा गोवर्धन गाँव में एक युवक ने पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान दीपक के रूप में हुई है। इस घटना के बाद, परिजनों ने दीपक के ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

परिजनों का कहना है कि लगभग एक महीने पहले दीपक की पत्नी का निधन हो गया था। इसके बाद से ही पत्नी के पिता महावीर और भाइयों अजीत, संजय व मनोज (निवासी नगला नेहरा, थाना खंदौली) दीपक पर लगातार दबाव बना रहे थे। परिजनों का आरोप है कि ये लोग पहले ही दीपक से 2 लाख रुपये ले चुके थे और अब 5 लाख रुपये के साथ एक मकान की मांग कर रहे थे।

मांग पूरी न करने पर, दीपक को दहेज हत्या के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती थी। परिजनों ने बताया कि आए दिन गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएँ भी होती थीं।

इसी मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर दीपक ने बुधवार को यह कदम उठाया। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए ससुराल पक्ष के लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। मृतक के पिता रामजीलाल ने सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

थाना इंस्पेक्टर हंसराज भदौरिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जाँच शुरू कर दी गई है।

Abhimanyu Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights