Agra News: “हर हाथ बचा सकता है जीवन”: IMA आगरा ने सनशाइन स्कूल के 250 से अधिक छात्रों को दिया CPR प्रशिक्षण

AGRA NEWS

Agra News इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) आगरा द्वारा भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार के संयुक्त अभियान के तहत आयोजित ‘सीपीआर अवेयरनेस वीक’ (13 से 17 अक्टूबर) के क्रम में आज सनशाइन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में 250 से अधिक छात्रों और शिक्षकों ने जीवनरक्षक तकनीक सीपीआर (CPR) सीखी। डॉक्टरों ने सिखाया हैंड्स-ओनली सीपीआर सीपीआर प्रशिक्षण सत्र का संचालन IMA आगरा की ओर से डॉ. दिप्तिमाला अग्रवाल और डॉ. रजनीश कुमार मिश्रा ने किया। उन्होंने छात्रों को आपात स्थिति में अचानक हृदय गति रुकने (Cardiac Arrest) पर किसी की जान कैसे बचाई जाए, इसकी विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण का मुख्य केंद्र ‘हैंड्स-ओनली सीपीआर’ तकनीक रहा, जिसके तहत बिना मुँह से मुँह में साँस दिए, केवल हाथों से छाती पर दबाव डालकर हृदय गति को बनाए रखने का अभ्यास कराया गया। छात्रों ने उत्साहपूर्वक डम्मी (Manikins) पर प्रशिक्षण लिया और आपातकालीन प्रक्रियाओं को समझा। विद्यालय प्रबंधन ने की सराहना विद्यालय के निदेशक श्री जयवीर चाहर और प्राचार्या श्रीमती ममता चाहर ने IMA आगरा के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि छात्रों में जीवनरक्षक तकनीकों के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की मांग है। प्रशिक्षण के सफल संचालन में पैरामेडिक स्टाफ अवतांश कौशिक, राघवेंद्र, रोहित चौधरी और सागर सिंह का विशेष योगदान रहा। IMA का संकल्प: हर नागरिक हो CPR में दक्ष IMA आगरा के अध्यक्ष डॉ. पंकज नगायच ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य शहर के हर नागरिक को सीपीआर तकनीक में दक्ष बनाना है। उन्होंने जोर देते हुए कहा, “हमारा उद्देश्य है कि आपात स्थिति में हर व्यक्ति किसी की जान बचाने में मदद कर सके, क्योंकि ‘हर हाथ जीवन बचा सकता है’।” IMA आगरा सीपीआर अवेयरनेस वीक के दौरान शहर के अन्य स्थानों पर भी इस तरह के प्रशिक्षण सत्रों का आयोजन जारी रखेगा। Agra News: सदर में सनसनी: 8वीं की छात्रा को टीचर ने भेजे अश्लील फोटो, धमकी देने पर गिरफ्तार!

आगरा में चिकित्सा महाकुंभ: यूपी के डॉक्टर जटिल रोगों पर करेंगे मंथन, आधुनिक तकनीकों पर होगी चर्चा

आगरा। ताजनगरी में दो दिवसीय चिकित्सा सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए डॉक्टर जटिल बीमारियों की रोकथाम और आधुनिक उपचार तकनीकों पर चर्चा करेंगे। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) आगरा के तत्वावधान में 30 और 31 अगस्त को थर्ड स्टेट वर्किंग कमेटी (एसडब्ल्यूसी) यूपी आईएमए आगरा 2025 का आयोजन फतेहाबाद रोड स्थित होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट में किया जा रहा है। पोस्टर विमोचन के साथ हुई कार्यक्रम की शुरुआत सम्मेलन की शुरुआत खंदारी स्थित होटल लेमन ट्री में एक पोस्टर विमोचन समारोह के साथ हुई। इस अवसर पर आईएमए आगरा के अध्यक्ष डॉ. अनूप दीक्षित, ऑर्गेनाइजिंग चेयरमैन डॉ. वाईबी अग्रवाल, डॉ. शरद गुप्ता और ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी डॉ. मुकेश गोयल सहित कई प्रमुख चिकित्सक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन आईएमए इलेक्ट अध्यक्ष डॉ. पंकज नगाइच ने किया। वैज्ञानिक सत्र और विशेषज्ञों के व्याख्यान यह दो दिवसीय सम्मेलन खास तौर पर विभिन्न बीमारियों के आधुनिक उपचार और रोकथाम पर केंद्रित रहेगा। 31 अगस्त को स्टेट वर्किंग कमेटी की बैठक के बाद एक वैज्ञानिक सत्र आयोजित होगा। इस सत्र में विशेषज्ञ आईवीएफ, हृदय रोग, जॉइंट रिप्लेसमेंट, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, कैंसर और स्पाइन से जुड़ी बीमारियों पर अपना ज्ञान साझा करेंगे। सम्मेलन के मुख्य वक्ताओं में डॉ. रजनी पचौरी (आईवीएफ विशेषज्ञ), डॉ. शिव चौधरी (कार्डियक सर्जरी विशेषज्ञ), डॉ. मनीष शर्मा (कार्डियक रोग विशेषज्ञ), डॉ. मेघल गोयल (हिप एंड नी रोबोटिक सर्जन), डॉ. मुदित खुराना (नेफ्रोलॉजी विशेषज्ञ), डॉ. विकास मित्तल (लेप्रोस्कोपिक सर्जन), डॉ. देवाशीष शर्मा (स्पाइन रोग विशेषज्ञ), डॉ. अनिमेष गुप्ता (कैंसर रोग विशेषज्ञ), डॉ. अभिनव आगहरी (न्यूरोसर्जरी विशेषज्ञ) और डॉ. अरुण गुप्ता (नी रिप्लेसमेंट सर्जन) जैसे विशेषज्ञ शामिल हैं।

Verified by MonsterInsights