आगरा में ADA का अवैध निर्माणों पर एक्शन, बुलडोजर चलाकर कॉलोनी ध्वस्त और एक बिल्डिंग सील

आगरा। आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) ने शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को ADA ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए एक अवैध कॉलोनी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया और ताजमहल के पास बन रही एक निर्माणाधीन बिल्डिंग को सील कर दिया। इस सख्त कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है। हिंगोट खेरिया में ध्वस्त हुई 6 हजार वर्गमीटर की अवैध कॉलोनी ताजगंज क्षेत्र के अमर एन्क्लेव, मौजा हिंगोट खेरिया में बंटू यादव, भरत सिंह और कमल सिंह द्वारा 6 हजार वर्गमीटर में एक अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। ADA अधिकारियों ने जब उनसे निर्माण की अनुमति मांगी तो वे इसे नहीं दिखा पाए। इसके बाद ADA ने कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर पूरी कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। अवैध रूप से लगाए गए गेट, पक्की सड़कें और बाउंड्रीवाल भी बुलडोजर से उखाड़ दिए गए। ADA ने चेतावनी दी है कि बिना अनुमति के किसी भी तरह का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की धारा-27 के तहत की गई। ताजमहल के पास बन रही अवैध बिल्डिंग सील दूसरी ओर, ADA ने ताजमहल के प्रतिबंधित क्षेत्र में बन रही एक और अवैध बिल्डिंग को सील कर दिया। ताजगंज स्थित तांगा स्टैंड के पास सुनील राठौर और मनीष वर्मा द्वारा बिना किसी मानचित्र स्वीकृति के यह निर्माण कराया जा रहा था। बिल्डिंग को टीनशेड से छिपाने की कोशिश की गई थी। जब ADA अधिकारियों ने निर्माणकर्ताओं से अनुमति मांगी तो वे कोई भी वैध कागजात नहीं दिखा पाए। इसके बाद ADA ने उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की धारा-28क(1) के तहत इस अवैध बिल्डिंग को सील कर दिया।

आगरा में अवैध कॉलोनी पर चला ADA का बुलडोजर, ₹13 हजार वर्ग मीटर की प्लॉटिंग ध्वस्त; ग्वालियर रोड पर कार्रवाई

आगरा। आगरा में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को ग्वालियर रोड स्थित मौजा ककुआ में अवैध रूप से विकसित की जा रही एक कॉलोनी पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया गया। लगभग दो घंटे चली इस कार्रवाई में, अवैध प्लॉटों की बाउंड्री, सड़कें और एक ऑफिस को पूरी तरह से गिरा दिया गया। बृज विहार रेजीडेंसी पर हुई कार्रवाई अधिकारियों ने बताया कि रिंकू शर्मा, सचिन और गोपाल नाम के लोग 13,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बृज विहार रेजीडेंसी नाम से एक अवैध कॉलोनी विकसित कर रहे थे। उन्होंने बिना किसी अनुमति के यहां प्लॉटों की बाउंड्री बना दी थी और पक्की सड़कें भी तैयार कर दी थीं। जब ADA के अधिकारियों को इसकी जानकारी मिली और उन्होंने निर्माणकर्ताओं से कागजात मांगे, तो वे कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाए। इसके बाद ADA की टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण को कुछ ही देर में उजाड़ दिया। अटल पुरम टाउनशिप के पास हो रहा था अवैध निर्माण अवैध कॉलोनियों पर यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब ग्वालियर रोड पर ADA की अटल पुरम टाउनशिप योजना भी लॉन्च हो चुकी है। इसके बावजूद, इस रोड पर कई कॉलोनाइजर बिना अनुमति के अवैध रूप से प्लॉट बेच रहे थे। ADA की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है।

आगरा में ‘अवैध’ कब्जे पर गरजा बुलडोजर: नगर निगम ने सड़क पर बने रैंप तोड़े, सिंधी बाजार से भी हटाए गए बोर्ड

आगरा। आगरा नगर निगम ने गुरुवार को नाई की मंडी और सिंधी बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया। नाई की मंडी चौराहे से गालिब होटल तक नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने सड़क पर दुकानदारों द्वारा अवैध रूप से बनाए गए रैंपों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। इस दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उन्हें समझाकर शांत करा दिया। बार-बार चेतावनी के बाद भी नहीं माने दुकानदार नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि व्यापारियों को कई बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन वे सार्वजनिक रास्ते पर अवैध निर्माण और अतिक्रमण कर रहे थे। इससे ट्रैफिक व्यवस्था और आम लोगों को भारी परेशानी हो रही थी। क्षेत्रीय लोगों ने भी इसकी शिकायत नगर निगम से की थी। अभियान के दौरान नाई की मंडी में काफी भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई लोगों ने कार्रवाई से बचने के लिए आनन-फानन में अपना सामान हटाना शुरू कर दिया। सिंधी बाजार में भी हुई कार्रवाई, फुटपाथ खाली कराया नाई की मंडी के अलावा, नगर निगम की टीम ने सिंधी बाजार में भी कार्रवाई करते हुए फुटपाथ पर रखे गए सामान, बोर्ड और होर्डिंग्स को हटवाया। अधिकारियों ने साफ किया कि फुटपाथ पैदल चलने वालों के लिए होता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दुकानदार दोबारा कब्जा करते पाए गए, तो जुर्माने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने शहर के व्यापारियों और नागरिकों से अपील की है कि वे शहर की साफ-सफाई और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सहयोग करें और सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें।

Verified by MonsterInsights