AGRA में सस्पेंड चल रहे कॉन्स्टेबल का शव फुट ओवरब्रिज पर मिला, पास ही मिली चूहे मारने की दवा

Agra। कैलाश मोड़ स्थित एक फुट ओवरब्रिज पर शनिवार सुबह एक सस्पेंड चल रहे कॉन्स्टेबल का शव पड़ा मिला, जिससे हड़कंप मच गया। शव के पास से चूहे मारने वाली दवा भी मिली है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जाँच में जुट गई। हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। एडीएसपी आदित्य कुमार ने बताया कि सुबह 10 बजे एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुँचने पर पहचान पत्र से उसकी शिनाख्त सिपाही विवेक के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है और सभी बिंदुओं पर जाँच की जा रही है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है। प्रथमदृष्टया पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। विवेक 2015 में यूपी पुलिस में भर्ती हुए थे और बुलंदशहर जिले के शिकारपुर के सुजानपुर पूठा गाँव के रहने वाले थे। वह Agra में तैनात थे। 27 जुलाई 2024 को वह पिनाहट थाने से छुट्टी लेकर गए थे, लेकिन उसके बाद वापस ड्यूटी पर नहीं आए। लगभग एक साल तक गैरहाजिर रहने के कारण उन्हें 28 जून 2025 को सस्पेंड कर दिया गया था। वर्तमान में उनकी तैनाती पुलिस लाइन में थी।

आगरा में राखी बांधने आ रही बहन को फंदे से लटका मिला भाई, इकलौते बेटे ने गोदाम में दी जान!

आगरा। भाई-बहन के पवित्र त्योहार रक्षाबंधन से ठीक पहले आगरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लोहा मंडी थाना क्षेत्र के गोकुलपुरा स्थित एक गोदाम में अगरबत्ती कारोबारी के इकलौते बेटे देव सिंघल (22) ने बुधवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रक्षाबंधन पर अपने भाई की कलाई पर राखी बांधने के लिए राजस्थान के सीकर से आ रही बहन खुशी को जब इस दुखद खबर का पता चला, तो वह बेसुध हो गई। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। अंतिम समय तक फोन काटा, फिर मिला फंदे से लटका हुआ शाहगंज थाना क्षेत्र के शांति नगर निवासी अगरबत्ती व्यापारी संजय सिंघल के इकलौते बेटे देव सिंघल अपने पिता के व्यापार में हाथ बंटाते थे। उनकी बेटी खुशी राजस्थान के सीकर में नीट की तैयारी कर रही है, और रक्षाबंधन के चलते संजय बुधवार को अपनी बेटी को लेने गए थे। देव बुधवार शाम करीब 7:00 बजे गोदाम में माल उतारने के बाद घर चले गए और सो गए। लगभग एक घंटे बाद वह घर से हाथ में थैला लेकर स्कूटर से निकल गए। काफी देर तक घर न लौटने पर मां सीमा सिंघल ने उन्हें फोन किया, लेकिन देव ने कॉल काट दिया। उन्होंने अपने पिता और बहन के फोन का भी जवाब नहीं दिया। परिवार को चिंता हुई, जिसके बाद संजय ने रात 11 बजे अपनी पत्नी सीमा को गोदाम पर भेजा। सीमा ने देखा कि स्कूटर बाहर खड़ा था, लेकिन गोदाम का दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज देने पर भी जब गेट नहीं खुला, तो उन्हें शक हुआ। स्कूटर को दरवाजे के पास खड़ा कर उन्होंने रोशनदान से अंदर देखा तो उनका बेटा देव साड़ी से बने फंदे से लटका हुआ था। यह खौफनाक मंजर देखकर सीमा की चीख निकल गई। रक्षाबंधन पर शोक की लहर, पुलिस को नहीं मिली तहरीर सीमा की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। उनकी मदद से दरवाजा तोड़ा गया, लेकिन तब तक देव की मौत हो चुकी थी। रक्षाबंधन पर भाई की कलाई पर राखी बांधने आई बहन खुशी इस खबर से सदमे में है और उसका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि परिजनों ने अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिवार को सौंप दिया गया है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

आगरा में दिल दहला देने वाली घटना: शीशा कारीगर ने पहले काटी नस, फिर फंदे पर झूले! आर्थिक तंगी और घरेलू विवाद बनी वजह

आगरा। आगरा के थाना ट्रांस यमुना अंतर्गत राहुल नगर में एक शीशा कारीगर ने आर्थिक तंगी और घरेलू विवाद से तंग आकर अपनी जान दे दी। उसका शव फैक्ट्री के बाथरूम में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने मौके से मृतक के खून से सने कपड़े और एक ब्लेड बरामद किया है, जिससे प्रतीत होता है कि उसने पहले नस काटी और फिर खुद को फांसी लगा ली। नशे में घर पहुंचा, परिवार से विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम जानकारी के अनुसार, हाथरस रोड पर राहुल नगर, टेडी बगिया स्थित इकबाल की शीशा कटिंग फैक्ट्री में शौकत पुत्र मुनव्वर अली (निवासी शाह नगर बंबा) पहले काम करता था। वर्तमान में वह कमला नगर क्षेत्र में काम कर रहा था। पड़ोसियों ने बताया कि बुधवार रात करीब 11:30 बजे शौकत नशे की हालत में फैक्ट्री पहुंचा। उसका पैंट खून से सना हुआ था और पैरों से खून बह रहा था। उसने बताया कि घरवालों से उसका झगड़ा हो गया है और उसका फोन भी ले लिया गया है। फैक्ट्री मालिक ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं माना तो उसे सोने के लिए फैक्ट्री की छत पर भेज दिया गया। सुबह बाथरूम में मिला शव, खून से सने कपड़े बरामद गुरुवार सुबह जब फैक्ट्री का एक अन्य कारीगर छत पर बने बाथरूम में शौच करने गया, तो उसने शौकत का शव रस्सी के फंदे से लटका देखा। उसकी चीख सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। छत की सीढ़ी पर उसके खून से लथपथ कपड़े टंगे हुए थे। सूचना मिलते ही ट्रांस यमुना थाना पुलिस और टेडी बगिया चौकी इंचार्ज ऋषि कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। आर्थिक तंगी और नशे की लत से जूझ रहा था परिवार परिजनों ने बताया कि शौकत मूल रूप से गंजडुंडवारा, जिला एटा के निवासी थे और पिछले 30 वर्षों से आगरा में किराए के मकान में रहकर गुजारा कर रहे थे। मृतक शौकत के तीन पुत्र और तीन पुत्रियां हैं, जिनमें से पांच बच्चों की शादी हो चुकी है। परिजनों के मुताबिक, शौकत नशे का आदी था, जिसके चलते आए दिन घर में क्लेश हुआ करता था। आर्थिक तंगी और नशे की लत के कारण हुए पारिवारिक विवाद ही इस दर्दनाक कदम की वजह माने जा रहे हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Verified by MonsterInsights