आगरा के कोल्ड स्टोरेज में 10 फीट का अजगर देख मचा हड़कंप, मजदूरों ने काम छोड़ा; एनजीओ टीम ने किया रेस्क्यू

आगरा। आगरा के छलेसर क्षेत्र स्थित कुबेरपुर में मंगलवार दोपहर एक कोल्ड स्टोरेज में अजगर दिखने से हड़कंप मच गया। आलू के बोरों के बीच से अचानक निकले अजगर को देखते ही मजदूर अपना काम छोड़कर बाहर की ओर भाग खड़े हुए, जिससे वहाँ अफरा-तफरी का माहौल बन गया। 2 घंटे तक अजगर को घेरे रहे ग्रामीण, फिर एनजीओ को बुलाया कोल्ड स्टोरेज मालिक को जैसे ही अजगर के दिखने की सूचना मिली, उन्होंने स्थानीय निवासी छोटू भवानी से संपर्क किया। इसके बाद छोटू भवानी ने एक वन्यजीव एनजीओ को सूचना दी। अजगर दिखने के बाद करीब दो घंटे तक ग्रामीण और मजदूर अजगर को घेरे रहे। डर के कारण किसी ने भी सांप को छूने या पास जाने की हिम्मत नहीं की। 10 फीट लंबा और 25 किलो वजनी अजगर, जंगल में छोड़ा गया एनजीओ से अंशुल कुमार और उनकी टीम विशेष उपकरणों के साथ मौके पर पहुँची। उन्होंने सावधानीपूर्वक करीब 10 फीट लंबे और 20-25 किलो वजनी अजगर को पकड़ा। अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू करने के बाद टीम ने उसे बाद में पास के जंगल में छोड़ दिया। अंशुल कुमार ने बताया कि अजगर जहरीले नहीं होते हैं, लेकिन लोग डर की वजह से उन्हें खतरनाक मान लेते हैं। उन्होंने यह भी समझाया कि जितना डर इंसान को सांप से होता है, उतना ही सांप को भी इंसान से होता है। अजगर के रेस्क्यू के बाद कोल्ड स्टोरेज के मजदूरों ने राहत की सांस ली। उन्होंने बताया कि अजगर को अचानक सामने देखकर उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हुआ था। और खबरें भी हैं…

आगरा-कानपुर हाईवे पर चलती कार बनी आग का गोला: कुबेरपुर के पास दो दोस्त समय रहते कूदे, बाल-बाल बचे!

आगरा। आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एत्मादपुर थाना क्षेत्र के कुबेरपुर के पास एक चलती कार अचानक आग की लपटों में घिर गई। गनीमत रही कि कार में सवार दो दोस्तों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई। जलने की बदबू आते ही कूदे, कुछ ही मिनटों में पूरी कार खाक एटा निवासी अमन अपने एक दोस्त के साथ किसी निजी काम से आगरा जा रहा था। जब उनकी कार कुबेरपुर हाईवे के निकट पहुंची, तो कार से अचानक जलने की तेज बदबू आने लगी। अमन को कुछ गड़बड़ होने का एहसास हुआ और उसने तुरंत कार को साइड में रोक दिया। दोनों युवक बिना देर किए कार से बाहर कूद गए। उनके बाहर निकलते ही कार में भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की चपेट में आ गई और कुछ ही मिनटों में धू-धू कर जलकर खाक हो गई। हाईवे पर अचानक मची अफरा-तफरी को देखकर राहगीरों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि युवक कुछ देर और कार में रहते, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Verified by MonsterInsights