आगरा। आगरा के जनूथा गाँव निवासी राजकुमार अपनी माँगों को लेकर पिछले 12 दिनों से लांबा फुटवियर इंडस्ट्रीज फैक्ट्री के गेट पर धरना दे रहे हैं। राजकुमार एक सड़क हादसे में घायल हो गए थे और अब मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
यह घटना 19 जनवरी की है, जब राजकुमार अपनी नाइट ड्यूटी पूरी कर फैक्ट्री की पिकअप वैन से घर लौट रहे थे। दक्षिणी बाईपास पर हुए उस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी और 16 लोग घायल हुए थे, जिनमें राजकुमार भी शामिल थे।
हादसे के समय फैक्ट्री प्रबंधन ने राजकुमार के इलाज का पूरा खर्च उठाने का भरोसा दिया था, लेकिन हादसे को आठ महीने बीत जाने के बाद भी उन्हें न तो नौकरी वापस मिली है और न ही कोई मुआवजा दिया गया है। इसी के विरोध में राजकुमार अपने परिवार के साथ फैक्ट्री के बाहर शाम 6 बजे से धरना दे रहे हैं।
पीड़ित राजकुमार का आरोप है कि फैक्ट्री संचालक उनकी अनदेखी कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें 5 लाख रुपये का मुआवजा नहीं मिल जाता, उनका यह धरना जारी रहेगा। इस मामले में फैक्ट्री प्रबंधन से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनके फोन नहीं उठे।
