आगरा। ताज की नगरी आगरा में सोमवार को सौंदर्य का भव्य नजारा देखने को मिला, जब ‘मिस टीन इंटरनेशनल’ प्रतियोगिता की 24 देशों की फाइनलिस्ट्स ने ताजमहल का दीदार किया। ये सभी सुंदरियां आगामी 31 अगस्त को जयपुर में होने वाले ग्रैंड फिनाले से पहले भारत की इस ऐतिहासिक धरोहर को देखने पहुंची थीं।
कनाडा, बोत्सवाना, कोलंबिया, क्यूबा, डोमिनिक रिपब्लिकन, फिजी, फ्रांस, जर्मनी, भारत, जापान, मेक्सिको, नामीबिया, नीदरलैंड, पैरागुए, पेरू, फिलीपींस, प्यूर्टो रीको, रोमानिया, स्पेन, श्रीलंका, अमेरिका, वेनेजुएला, वियतनाम और जिम्बाब्वे की इन फाइनलिस्ट्स ने ताज की खूबसूरती देखकर ‘ओह माय गॉड’ और ‘वाह ताज, इट्स ब्यूटीफुल’ जैसे शब्दों के साथ अपनी खुशी जाहिर की।

सभी फाइनलिस्ट्स ने ताजमहल में जमकर तस्वीरें खिंचवाईं और सेल्फी लीं। उन्हें देखकर वहां मौजूद अन्य पर्यटक भी उत्साहित दिखे और उनके साथ सेल्फी लेने की होड़ लग गई। इन सुंदरियों ने न केवल ताज की वास्तुकला और पच्चीकारी को समझा, बल्कि गाइड से शाहजहां और मुमताज की अमर प्रेम कहानी के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने यमुना नदी और कब्र के बारे में भी विस्तार से पूछा।

इनके साथ ग्लैम आनंद ग्रुप के निदेशक निशांत आनंद, मिस यूनिवर्स इंडिया के ऑनर निखिल आनंद और हेड जनसंपर्क अधिकारी सर्वेश कश्यप भी मौजूद थे।

































































































