बाढ़ से खराब हुई फसलों के लिए 100% मुआवजे की मांग, किसानों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
आगरा। आगरा के फतेहाबाद तहसील क्षेत्र में यमुना नदी की बाढ़ से प्रभावित किसानों ने शुक्रवार को अपनी नष्ट हुई फसलों के लिए 100 प्रतिशत मुआवजे की मांग की है। भारतीय किसान यूनियन (अराजनेतिक) के कार्यकर्ताओं ने तहसील अध्यक्ष अवधेश ठाकुर के नेतृत्व में एसडीएम स्वाति शर्मा को एक ज्ञापन सौंपा।
पिछले दिनों यमुना नदी में आई बाढ़ के कारण फतेहाबाद तहसील के एक दर्जन से अधिक गांवों में किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है।
ज्ञापन सौंपते हुए संगठन के नेताओं ने एसडीएम से जल्द से जल्द फसलों का सर्वेक्षण कराकर किसानों को उचित मुआवजा दिलाने का आग्रह किया, ताकि उन्हें हो रही परेशानी से राहत मिल सके।
इस दौरान रामनिवास रघुवंशी, गोविंदा सेथिया, वासुदेव, रामलाल वर्मा, श्रीनिवास, अतर सिंह, छोटेलाल, भारत वर्मा, देशराज, ब्रह्मचारी, रुमाल सिंह और चोबसिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।