Agra जिला पंचायत सभागार, बालूगंज में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने की। इस बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और आगामी श्री बटेश्वरनाथ मेले की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बटेश्वर मेला 18 अक्टूबर से 9 नवंबर तक

डॉ. मंजू भदौरिया ने बताया कि इस वर्ष बटेश्वर मेला 18 अक्टूबर से 9 नवंबर तक भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। इस दौरान कई सांस्कृतिक और खेलकूद कार्यक्रम होंगे, जिनमें दीपोत्सव, यमुना आरती, रामलीला-रासलीला, लोकगायन, मिनी मैराथन, कबड्डी, वॉलीबॉल, क्रिकेट टूर्नामेंट, दंगल और अखिल भारतीय कवि सम्मेलन शामिल हैं। पशु मेले का पंजीकरण 14 अक्टूबर से शुरू होगा।

विकास कार्यों की समीक्षा

बैठक में खेल और ग्रामीण विकास कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि जोगरा खुर्द, जैतपुर कलां, किरावली और एत्मादपुर में मिनी स्टेडियम का निर्माण कार्य जारी है। इसके अलावा 15 नए क्रीड़ा स्थल भी बनाए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों, नालियों, शौचालयों और जलाशयों का सौंदर्यीकरण तेजी से हो रहा है। जिला पंचायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के तहत गड्ढामुक्त सड़कों के अभियान में भी सक्रिय रूप से सहयोग कर रही है।

महिला सशक्तिकरण के तहत स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने और प्रधानमंत्री लखपति दीदी योजना को गति देने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही, हर महीने सघन वृक्षारोपण करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में जीएसटी (2.0) सुधार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद देते हुए एक प्रस्ताव भी पारित किया गया।

डॉ. मंजू भदौरिया ने अंत में सभी से अपील की कि हम सब मिलकर स्वदेशी वस्तुओं को अपनाएं और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भागीदारी निभाएं।

इस बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, सांसद राजकुमार चाहर, कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह, राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति, महिला आयोग अध्यक्ष बबीता चौहान, राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन और नवीन जैन, भजपा पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

Abhimanyu Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights