उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए आम आदमी पार्टी ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह शुक्रवार को आगरा पहुंचे, जहाँ उन्होंने ‘रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा के चौथे चरण का नेतृत्व किया। पदयात्रा की शुरुआत संजय प्लेस स्थित शहीद स्मारक से हुई, जो एमजी रोड और हरीपर्वत होते हुए राजामंडी के किदवई पार्क पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया और ‘रोजगार दो’ के नारे गूंजते रहे।
किदवई पार्क में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है। वहीं जिलाध्यक्ष कपिल वाजपेयी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल झूठे दिलासे दे रही है और समाज को जातिवाद के नाम पर बांट रही है। उन्होंने गैस की कमी और महंगाई के मुद्दों पर भी सरकार को आड़े हाथों लिया। यह पदयात्रा 9 अप्रैल तक चलेगी, जो आगरा से शुरू होकर मथुरा में संपन्न होगी। कार्यक्रम के बाद संजय सिंह सादाबाद के रास्ते मथुरा के लिए रवाना हो गए।
