आगरा स्टेशन पर भीख मांग रही युवती की ‘रुला देने वाली’ कहानी: प्यार में मिला ‘धोखा’, प्रेमी ने साथी संग स्टेशन पर छोड़ा!

आगरा। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर भीख मांगकर गुजारा कर रहीं दो युवतियों की दर्दनाक कहानी सामने आई है। शादी के सपने संजोकर अपने प्रेमियों के लिए घर छोड़ने वाली इन युवतियों को इतना बड़ा धोखा मिला कि अब वे पिछले 18 दिनों से रेलवे स्टेशन पर भीख मांगने को मजबूर हैं। बुधवार को दोनों ने डीसीपी सिटी कार्यालय पहुंचकर शिकायती पत्र दिया है। एक कॉल ने बदली जिंदगी, प्यार में मिला ‘गहरा घाव’ महोबा निवासी पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि एक साल पहले उसके मोबाइल पर शमसाबाद, आगरा निवासी एक युवक की अनजान कॉल आई थी। शुरुआत में गलत नंबर बताकर कॉल काटने के बाद, युवक बार-बार कॉल करने लगा और धीरे-धीरे उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। आरोपी युवक ने पीड़िता से शादी का वादा किया और उसे 28 फरवरी को महोबा से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले आया। वे गुजरात में किराए पर कमरा लेकर रहने लगे, जहां तीन महीने तक युवक ने पीड़िता का शारीरिक शोषण किया। जब पीड़िता गर्भवती हो गई, तो आरोपी ने उसे दर्द की दवा बताकर गर्भपात की दवा खिला दी। इसके बाद वह उसे राजस्थान के मेहंदीपुर लेकर आ गया। स्टेशन पर छोड़कर ‘फुर्र’ हुए प्रेमी, घर वालों ने भी भगाया मेहंदीपुर से फिर से डेढ़ महीने की गर्भवती होने पर आरोपी युवक उसे आगरा लेकर आ गया। यहां उसका चचेरा भाई भी कानपुर की एक महिला के साथ मिला। दोनों भाइयों ने युवतियों को होटल में कमरा बुक करने की बात कहकर आगरा कैंट स्टेशन पर बैठाया और फिर लौटकर वापस नहीं आए। उन्होंने अपने फोन भी बंद कर लिए। पीड़िता ने हिम्मत कर आरोपियों के बताए पते पर शमशाबाद स्थित उनके गांव पहुंची, तो वहां परिजनों ने उनके साथ मारपीट कर भगा दिया। इसके बाद उन्होंने शमशाबाद पुलिस से भी शिकायत की, लेकिन वहां भी उनकी सुनवाई नहीं हुई। अब दोनों युवतियां पिछले 18 दिनों से आगरा कैंट स्टेशन पर भीख मांगकर अपनी जिंदगी गुजारने को मजबूर हैं।

आगरा में फिल्मी ‘फरार’ दुल्हन: शादी के 15 दिन बाद प्रेमी संग जेवरात-नकदी लेकर भागी, पुलिस ने 24 घंटे में पकड़ा!

आगरा। आगरा के शमशाबाद थाना क्षेत्र के चितौरा गांव में एक नवविवाहिता ने अपनी शादी के महज 15 दिन बाद ही फिल्मी अंदाज में घर से जेवरात और नकदी लेकर प्रेमी संग फरार होने की वारदात को अंजाम दे दिया। लेकिन, आगरा पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर ही फरार दुल्हन को उसके प्रेमी और दो अन्य साथियों के साथ दबोच लिया। व्हाट्सएप चैट और वायरल फोटो से खुला राज़ यह घटना 4 जुलाई को हुई शादी के सिर्फ 15 दिन बाद रविवार-सोमवार की दरमियानी रात की है। जब परिवार को दुल्हन के घर में न होने का पता चला तो उन्होंने तलाश शुरू की। जल्द ही, मामले में सामने आए वायरल फोटो और व्हाट्सएप चैट से खुलासा हुआ कि दुल्हन पहले से ही किसी अन्य युवक के संपर्क में थी। वायरल चैट में दुल्हन ने रात में घर से निकलने की पूरी योजना बनाई थी। एक चौंकाने वाली फोटो में वह युवक दुल्हन की मांग में सिंदूर भरता भी दिखाई दे रहा है, जिससे उसके पहले से प्रेम-संबंधों में होने की पुष्टि होती है। पति ने दर्ज कराई शिकायत, चार आरोपी गिरफ्तार पीड़ित पति सचिन ने थाना शमशाबाद में शिकायत दर्ज कराई। सचिन ने अपने ही एक रिश्तेदार (जिसने बिचौलिए की भूमिका निभाई थी) सहित चार अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। सचिन ने बताया कि बिहार की रहने वाली कविता से उसकी शादी 15 दिन पहले ही हुई थी और सब कुछ ठीक-ठाक संपन्न हुआ था, लेकिन अचानक 15 दिन बाद उसकी पत्नी गायब हो गई। इंस्पेक्टर शमशाबाद देवी प्रसाद तिवारी ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दुल्हन, उसके प्रेमी और एक बिचौलिए की पत्नी समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने चोरी की गई नकदी और जेवरात भी बरामद कर लिए हैं। हालांकि, इस मामले में अभी भी दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

Verified by MonsterInsights