सिगरेट विवाद में 8 नाबालिगों सहित 10 पर FIR, ग्रामीण नाराज

आगरा। आगरा के बरहन थाना क्षेत्र के नगला ताज गांव में सिगरेट पीने के एक मामूली विवाद ने तूल पकड़ लिया है, जिसके बाद पुलिस ने आठ नाबालिगों सहित दस लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। इस कार्रवाई से गांव के लोग खासे नाराज हैं और उनका आरोप है कि पुलिस ने बिना उचित जाँच-पड़ताल के जल्दबाजी में यह कदम उठाया है। मामले की शुरुआत तब हुई जब गांव की मिथलेश पत्नी सत्यवीर सिंह ने पुलिस में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनके छोटे बेटे ऋतिक ने गांव के कुनु कुमार को सिगरेट पीने से रोका था। इसी बात पर कुनु कुमार, उसके पिता अमित सेन और कुछ अन्य लोगों ने ऋतिक के साथ मारपीट की। जब ऋतिक का बड़ा भाई अंकित बीच-बचाव करने आया, तो उसे भी घायल कर दिया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने गोलू, लव, अरुण, ललित, कुश कुमार, भूरी और दो अन्य नाबालिगों सहित दस लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं 191/2, 351/2 और 115/2 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि जिन बच्चों पर मुकदमा दर्ज किया गया है, वे सभी कक्षा 8 और 9 में पढ़ने वाले छात्र हैं। उनका आरोप है कि पुलिस ने जल्दबाजी में कार्रवाई की है, जिससे गांव में तनाव का माहौल है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक धर्मपाल सिंह चौहान से भी शिकायत की है। विधायक ने एसीपी देवेश कुमार से बात कर निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है और कहा है कि अगर बच्चे निर्दोष पाए जाते हैं तो उन पर से मुकदमा वापस लिया जाएगा।

एत्मादपुर में बुजुर्गों का सम्मान: जिला पंचायत अध्यक्ष और विधायक ने किया अभिनंदन, विकास कार्यों की सौगात का ऐलान

एत्मादपुर (आगरा)। एत्मादपुर की ग्राम पंचायत अग़बार में समाजसेवी कुलदीप सिंह द्वारा एक भव्य बुजुर्ग सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के बुजुर्गों का सम्मान किया गया, साथ ही कई विकास कार्यों की घोषणा भी की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदोरिया ने शिरकत की। उन्होंने बुजुर्गों को फूलमालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। विशिष्ट अतिथि एत्मादपुर विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह चौहान ने ग्रामीणों के लिए कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का ऐलान किया। उन्होंने घोषणा की कि भागूपुर से सिकतरा मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा, जिससे आवागमन सुगम हो सकेगा। इसके अतिरिक्त, उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में लगी सभी 10,000 लीटर की पानी की टंकियों की मरम्मत और संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी आश्वासन दिया। एत्मादपुर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. अवधेश सिंह ने भी पंचायत में आरसीसी सड़कों और समरसेबल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के आयोजक कुलदीप सिंह ने ग्रामसभा के करीब 300 बुजुर्गों को स्वांफा पहनाकर और माल्यार्पण कर उनका सम्मान किया। इस सम्मान समारोह की अध्यक्षता श्रीनिवास यादव ने की, जबकि मंच संचालन प्रेमनारायण मास्टर ने किया। अतिथियों का स्वागत कुलदीप सिंह ने स्मृति चिन्ह और स्वांफा भेंटकर किया। कार्यक्रम में डॉ. मंजू भदोरिया, डॉ. धर्मपाल सिंह चौहान, डॉ. अवधेश सिंह के अलावा जगदीश सिंह, महेंद्र सिंह, अमरीश पंडित, पप्पू पंडित, पप्पू ठाकुर, भोजराज सिंह, देवेंद्र सविता, राकेश कुमार, भगवान सिंह, रामजीलाल ठाकुर, लोकेंद्र सिंह, पप्पू यादव बीडीसी सहित सैकड़ों ग्रामीण बुजुर्ग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Verified by MonsterInsights