आगरा में गोवंश के शक पर दो जगह हंगामा: कैंटर में तोड़फोड़, मांस मिलने पर बवाल; पुलिस ने दी सफाई

आगरा। सोमवार रात आगरा में दो अलग-अलग घटनाओं में गोवंश का मांस और हड्डियां होने की आशंका को लेकर जमकर हंगामा हुआ। हिंदूवादी संगठनों ने रामबाग और पंचकुइयां चौराहे पर बवाल किया, जिससे अफरातफरी मच गई और सड़कों पर जाम लग गया। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच के बाद स्थिति साफ की और बताया कि हंगामा बेबुनियाद था। रामबाग पर कैंटर में हड्डियां मिलने पर बवाल रामबाग फ्लाईओवर कट पर हिंदूवादियों ने गोमांस के शक में जानवरों की हड्डियों से भरे एक कैंटर को रोक लिया। कार्यकर्ताओं ने कैंटर में तोड़फोड़ की और उसके चालक दानिश के साथ मारपीट भी की। उनका आरोप था कि कैंटर में गाय की हड्डियां हैं। चालक और उसके साथी जान बचाने के लिए भागकर पुलिस चौकी पहुंचे। चालक दानिश ने बताया कि वह भरतपुर नगर निगम द्वारा नीलाम की गई मृत जानवरों की हड्डियां सहारनपुर ले जा रहा था और उसके पास इसके वैध कागजात भी थे। एसीपी छत्ता पीयूषकांत राय ने भी जांच के बाद बताया कि कैंटर में मृत जानवरों की हड्डियां थीं, जिन्हें वैध कागजात के साथ ले जाया जा रहा था। पंचकुइयां पर बोरे में मांस मिलने पर हंगामा वहीं, दूसरी घटना पंचकुइयां चौराहे के पास हुई। जीआईसी मैदान पेट्रोल पंप के पास एक कट्टे में मांस भरा हुआ मिला, जिसके बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि बोरे में गाय का मांस है। सूचना मिलते ही डीसीपी सिटी सोनम कुमार और एडिशनल कमिश्नर रामबदन सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कट्टे को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। एडिशनल कमिश्नर रामबदन सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया कट्टे में किसी जानवर के बच्चे का मांस लग रहा है। मांस को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है।

आगरा: DP Hotel में हिंदू महिला संग सलमान को बेरहमी से पीटा, पुलिस के सामने भी मारपीट, VIDEO वायरल

आगरा। आगरा के शमसाबाद स्थित डीपी होटल में कानून को ताक पर रखकर एक युवक के साथ सरेआम मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बजरंग दल के कार्यकर्ता बताए जा रहे 8-10 लोगों ने ज़बरदस्ती होटल में घुसकर एक युवक को बुरी तरह पीटा। हैरानी की बात यह है कि मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में भी युवक पर लात-घूंसे बरसाए जाते रहे। युवक जिस महिला के साथ होटल में था, वह हाथ जोड़कर गुहार लगाती रही, लेकिन हमलावरों ने किसी की नहीं सुनी। यह घटना 6 अगस्त की है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। क्या है पूरा मामला? शमसाबाद के डीपी होटल में 6 अगस्त की शाम करीब 5 बजे एक युवक अपनी महिला साथी के साथ कमरा नंबर 106 में रुका था। लगभग एक घंटे बाद, 8-10 युवक खुद को बजरंग दल का कार्यकर्ता बताते हुए होटल पहुंचे। उन्होंने रिसेप्शन पर रजिस्टर चेक कराया, जिसमें हिंदू महिला और मुस्लिम युवक (सलमान) को कमरा देने की जानकारी सामने आई। इसके बाद ये सभी लड़के ऊपर कमरे में गए और दरवाजों को खटखटाना शुरू कर दिया। जब कमरा नंबर 106 का दरवाज़ा खुला, तो युवक और घूंघट किए महिला बाहर निकले। युवक के निकलते ही तथाकथित हिंदूवादी संगठन के लोगों ने उस पर हमला बोल दिया। जूतों से पीटा, सिर दीवार में मारा, महिला गिड़गिड़ाती रही होटल मैनेजर पवन ने बताया कि हमलावरों ने सलमान नाम के युवक को जमकर पीटा, जूतों से मारा और लात-घूंसे बरसाए। युवक और महिला दोनों हाथ जोड़कर रहम की भीख मांगते रहे, लेकिन हमलावरों ने कोई दया नहीं दिखाई। उन्होंने महिला के साथ भी अभद्रता की और युवक का सिर दीवार में मारा। महिला किसी तरह मौका पाकर वहां से भागने में सफल रही। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि पुलिस भी मौके पर मौजूद थी, लेकिन मारपीट नहीं रुक रही थी। बाद में पुलिस युवक को अपने साथ ले गई। होटल मैनेजर पवन ने अज्ञात लोगों के खिलाफ होटल में घुसकर तोड़फोड़ करने और ग्राहक के साथ मारपीट करने की एफआईआर शमशाबाद थाने में दर्ज कराई है। थाना प्रभारी डीपी तिवारी का कहना है कि मैनेजर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। यह घटना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है और खुलेआम हुई इस गुंडागर्दी पर सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है। और खबरें भी हैं… आगरा में ‘डीपी होटल प्रकरण’ पर हिंदूवादी संगठनों का थाना घेराव: पुलिस अलर्ट पर, एडिशनल सीपी ने दिया उचित कार्रवाई का आश्वासन

Verified by MonsterInsights